दुश्वारियां: बर्फ से पट गया यमुनोत्री पैदल मार्ग, लकड़ी और फट्टों से हटा रहे मजदूर

दुश्वारियां: बर्फ से पट गया यमुनोत्री पैदल मार्ग, लकड़ी और फट्टों से हटा रहे मजदूर
Spread the love

उत्तरकाशी। मौसम अनुकूल रहने के बावजूद भी यमुनोत्री धाम का जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग बर्फ से पटा पड़ा है। ऐसे में चारधाम यात्रा को लेकर यमुनोत्री पैदल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल मार्ग पर तैनात मजदूर बर्फ हटाने के लिए फावड़े या जरूरी उपकरणों के बजाय लकड़ी और प्लाईवुड के फट्टों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

   दरअसल, 19 अप्रैल को यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ होना है। लेकिन मौजूदा हालात देखकर लगता है कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर तैयारियां अभी भी काफी सुस्त गति से आगे बढ़ रहा है। तस्वीरों में भी साफ देखा जा सकता है कि कार्य में तेजी और संसाधनों की कमी बनी हुई है। यात्रा सीजन नजदीक आने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए समय रहते प्रभावी कार्रवाई जरूरी मानी जा रही है। ऐसे में विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। विभागीय लापरवाही से धाम में अन्य कार्यों को करवाने के लिए वहां पहुंचना मुश्किल है, जिससे अन्य काम भी प्रभावित होना स्वाभाविक है।
यमुनोत्री धाम के तीर्थपुरोहित ने बताया कि धाम के कपाट खुलने में कुछ ही समय बाकी रह गया है। लेकिन विभाग तेजी से काम नहीं कर रहा है। ऐसे में काम समय पर पूरा नहीं किया गया तो आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतें होगी। आरोप है कि विभाग यात्रा तैयारियों को गंभीरता से लेने के बजाय केवल खानापूर्ति कर रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब यात्रा शुरू होने में एक महीने से भी कम समय बचा है, तब इस धीमी रफ्तार से काम आखिर कैसे पूरा होगा।

लोक निर्माण विभाग बड़कोट के अधिशासी अभियंता तरुण काम्बोज का कहना है कि अगर ऐसा है तो मामले का संज्ञान लिया जाएगा और काम में लगे मजदूरों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इसके अलावा और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर जल्द बर्फ हटाने के साथ ही अन्य कार्यों को शुरू किया जाएगा।

Parvatanchal