पलटवार: हार की बौखलाहट में विवेक भी खो दिया है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने

पलटवार: हार की बौखलाहट में विवेक भी खो दिया है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने
Spread the love

 

उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक के गढ़वाल सीट के निदेशक मनोज पटवाल का आरोप

देहरादून। उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक के गढ़वाल सीट के निदेशक मनोज पटवाल ने कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर विवेक खो देने का आरोप लगाया है। यहां जारी एक बयान में उन्होंने कहा है कि कांग्रेस से किक आउट हो चुके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की चुनाव हारने के बाद बौखलाहट इतनी बढ़ गई है कि वे सहकारी बैंक में भर्ती घोटाले पर धरना देने पहुंच गए। पटवाल ने कहा कि उन्हें पता ही नहीं है कि सहकारिता भर्ती घोटाला किसने किया और किसने इसकी जांच बैठाई। उन्होंने कहा कि वह गणेश गोदियाल को इतना बता देना चाहते हैं कि इस भर्ती घोटाले की स्वयं सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने जांच बिठाई है और डॉ रावत ने कई बार अपने बयान में कहा है कि अगर विभागीय जांच सही तरीके से नहीं होगी तो सरकार एसआईटी की जांच करवाएगी।

मनोज पटवाल ने कहा कि जब प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लगी हुई थी तब कुछ अधिकारियों ने आनन फानन में भर्ती प्रक्रिया करवाई थी। उन्होंने कहा कि जैसे ही सहकारिता मंत्री को इस भर्ती में घोटाले की शिकायत मिली उन्होंने तुरंत सहकारिता सचिव को निर्देशित करते हुए भर्ती को रुकवाकर जांच के आदेश दिए और बैंक के अधिकारियों को निलम्बित किया।
पटवाल ने कहा कि गणेश गोदियाल को अपने आप को देखना चाहिए कि जब उन्होंने राठ के भोले भाले लोगों से फूड पार्क बनाने के नाम पर लाखों रुपए इकट्ठा किये थे। पटवाल के मुताबिक, गोदियाल ने लोगों को तब बड़े सब्जबाग दिखाए थे। मनोज पटवाल ने कांग्रेस नेता को चुनौती दी है कि गोदियाल जी एक बार उन लाखों रुपयों का हिसाब दे दें या फिर फूड पार्क ही दिखा दें।
पटवाल ने कहा कि वैसे इसमें गणेश गोदियाल का कसूर नहीं है। बेचारे एक तो हार से बौखलाए हुए हैं। दूसरा, चुनाव के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन पर, अपनी पार्टी के कई टिकट बेचने के आरोप भी लगे हैं। नतीजतन चुनाव में पूरी पार्टी को हार का मुंह देखना। यही कारण है कि उन्हें पार्टी अध्यक्ष से भी हटना पड़ा।

Parvatanchal