पिकअप नदी में समाई,चालक की मौत

पिकअप नदी में समाई,चालक की मौत
Spread the love
देहरादून। हरिपुर-कोटी-इच्छाड़ी-त्यूनी मोटर मार्ग पर लालढांग के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर नदी में समा गई। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने शव का रेस्क्यू कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बीती देर शाम एक पिकअप वाहन विकासनगर से परचून का सामान लेकर त्यूनी के लिए निकला था। तभी विकासनगर- हरिपुर- कोटी-इच्छाड़ी-त्यूनी मोटर मार्ग पर लालढांग के पास वाहन अनियंत्रित हो गया। जिससे वाहन सड़क से करीब 200 मीटर नीचे सीधे टोंस नदी में जा गिरा।
हादसे में वाहन चालक की मौके पर मौत हो गई, लेकिन हादसे की सूचना बुधवार को मिली। हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और डाकपत्थर से एसडीआरएफ अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर रेस्क्यू उपकरणों के घटनास्थल के लिए रवाना हुए। जहां टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। जिसके तहत टीम रस्सियों के सहारे खाई में उतरी। जहां नीचे जाकर वाहन में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई चुकी थी। इसके बाद उसके शव को खाई से बाहर निकाला गया। फिर पोस्टमार्टम समेत अन्य कार्रवाई के लिए शव पुलिस को सौंप दिया गया। कालसी थानाध्यक्ष अरविंद चौधरी ने बताया कि एक पिकअप वाहन मंगलवार को शाम के समय विकासनगर से त्यूनी जा रहा था। देर रात हरिपुर-कोटी-इच्छाड़ी मोटर मार्ग पर लालढांग के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसकी सूचना बुधवार को कालसी थाने को मिली। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू चलाकर घटनास्थल से एक व्यक्ति का शव निकाला। अब शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

Parvatanchal