ग्रामीणों को लिंक मार्गों से जोड़ना जरूरी: रजत
ग्राम स्यूंड में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम आयोजित
ग्रामीणों ने उठाईं मूलभूत समस्याएं, उप वन संरक्षक ने किया समाधान
रुद्रप्रयाग। जनपद के विकास खण्ड अगस्त्यमुनि अंतर्गत ग्राम स्यूण्ड में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम (जनता दरबार) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता उप वन संरक्षक रुद्रप्रयाग रजत सुमन ने की। इस अवसर पर जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा तिलारा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम स्यूण्ड स्थित पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं क्रमवार अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रमुख रूप से स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर एएनएम केंद्र की स्थापना तथा स्यूण्ड-धौलसारी मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई गई।
उप वन संरक्षक रजत सुमन ने बताया कि मोटर मार्ग निर्माण को जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिकता दी जा रही है और शासन स्तर पर भी आवश्यक कार्यवाही जारी है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। इसके अलावा स्यूण्ड-सिल्ली-सतेरा मोटर मार्ग निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त मंदिर प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने रखी।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण से प्रभावित खेतों, पेड़ों के कटान का मुआवजा, डंपिंग जोन की व्यवस्था, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा हेतु घेराबाड़, क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति में सुधार, राशन कार्ड ई-केवाईसी में आ रही बायोमेट्रिक समस्याओं के समाधान की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
इसके अतिरिक्त गौशाला निर्माण, मिलन केंद्र की मरम्मत, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सीएलएफ से जोड़ने तथा जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उप वन संरक्षक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रवीण सेमवाल, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी प्रीति मेहरा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
