हादसा: बाइक की चपेट में आकर मजदूर की मौत, ईद का सामान लेने जा रहा था दुकान पर
काशीपुर। ईद और इफ्तारी का सामान लेने पैदल जा रहे एक मजदूर की तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरवरखेड़ा निवासी 42 वर्षीय शकील पुत्र शफीक खान मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। शुक्रवार शाम मजदूरी से घर लौटने के बाद वह ईद का सामान लेने पास की दुकान की ओर पैदल जा रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शकील गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार भी हादसे में घायल हुआ है, जिसका मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के बेटे समीर ने बताया कि उनके पिता ईद और इफ्तारी का सामान लेने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। शकील अपने पीछे दो बेटे समीर और अनस तथा दो बेटियां महजबी और साजिया समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
सड़क हादसे में युवती की मौत मामले में केस दर्ज
दूसरी ओर, कार की चपेट में आकर युवती की मौत मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मोहल्ला आवास विकास निवासी खूबी राम पुत्र पुरुषोत्तम सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी। बताया कि उसकी बेटी 16 मार्च को अपनी बुआ नीलम चौहान के साथ प्रतापपुर से काशीपुर की ओर आ रही थी। जब वह रामनगर रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रही कार के चालक ने तेजी व लापरवाही से कार चलाते हुए स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। इसके चलते उसकी बेटी नेहा और नीलम दोनों घायल हो गए। अस्पताल में बेटी नेहा की मौत हो गई। जबकि नेहा की बुआ नीलम चौहान गंभीर रूप से घायल हो गई।
