दुखद: गुलदार ने गोशाला में घुसकर सात मवेशियों को मार डाला, ग्रामीणों ने मुआवजा देने की उठाई मांग
रुद्रप्रयाग। जनपद के त्रियुगीनारायण में शुक्रवार रात गोशाला में घुसकर गुलदार ने सात मवेशियों को मार डाला। इनमें तीन दुधारु गाय, दो बैल और दो बछड़े शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नीलकंठ और जयंती देवी की गोशाला में गुलदार ने घुसकर मवेशियों को मार डाला। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधि देखीं जा रही थीं लेकिन वन विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। लोगों ने वन कर्मियों के सामने अपना गुस्सा जाहिर कर गुलदार को पकड़ने और गांव में सुरक्षा देने की बात कही। वहीं रेंज अधिकारी ने कहा कि टीम मौके पर है और स्थिति का मुआयना किया जा रहा है। पीड़ितों को हरसंभव मदद दी जाएगी। वहीं इलाके में निगरानी रखी जा रही है।
बकरियों के झुंड पर हमला कर दो को मारा
उधर,आदिबदरी-नैनीताल हाईवे के बकरियां बैंड में शुक्रवार रात को गुलदार ने बकरियों के झुंड पर हमला कर दो बकरियों को मार डाला। चरवाहों ने किसी तरह गुलदार को वहां से भगाया। पशुपालक सुरेंद्र ने बताया कि आधी रात्रि को गुलदार आया और दो बकरियों को मार डाला। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की।
(प्रतीकात्मक फोटो)
