आफ़त: तेज़ आंधी से फलों के बौंर को नुकसान, बागवानों की उम्मीद पर फिरा पानी

आफ़त: तेज़ आंधी से फलों के बौंर को नुकसान, बागवानों की उम्मीद पर फिरा पानी
Spread the love

कोटद्वार।  रविवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह करीब छह बजे आंधी चली। इससे बागवानी को नुकसान पहुंचा। वहीं, बादल छाने के साथ ही बूंदाबांदी भी हुई। इससे मौसम ने करवट बदली और फिर से कुछ ठंडक लौट आई। लोगों ने स्वेटर आदि गर्म कपड़े फिर से निकाल लिए। कोटद्वार के भाबर क्षेत्र और इससे सटे गांवों में कई जगह लोग आम, लीची आदि फलों की बागवानी करते हैं। आंधी से फलों के बौंर को काफी नुकसान पहुंचा। बागवानों का कहना था कि इस बार आम के पेड़ों पर अच्छा बौंर नजर आ रहा था। लीची समेत कुछ अन्य फलों के पेड़ों पर भी बौंर आना शुरू हो गया था लेकिन अच्छी फसल मिलने की उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया। वहीं रविवार सुबह करीब 6:00 बजे आंधी आने के बाद तीन घंटे तक लैंसडौन क्षेत्र की बिजली गुल रही। बादल छाने से अंधेरा पसरा रहा। बगैर बिजली के लोग परेशान रहे। वहीं, आंधी इतनी जबरदस्त थी कि लोगों की नींद उड़ी रही। यहां तक कि लोग घरेलू सामान को संभालने की मशक्कत में लगे रहे। कुछ जगहों पर फाइबर शीट और टिनशेड आंधी में उड़ने से लोगों को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कोई हादसा पेश नहीं आया।

Parvatanchal