तोलब मयकोटी में अज्ञात अराजक तत्वों ने घर फूंका, क्षेत्र में दहशत

तोलब मयकोटी में अज्ञात अराजक तत्वों ने घर फूंका, क्षेत्र में दहशत
Spread the love
रुद्रप्रयाग। जनपद के तोलब मयकोटी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहा बीते शनिवार की रात अज्ञात अराजक तत्वों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर उसे आग के हवाले कर दिया। घटना में घर के भीतर रखा सारा कीमती सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद से पूरे गांव में आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार मकान स्वामी आशिष कुमोला शनिवार रात अपने गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर एक सगाई समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर किसी के न होने का फायदा उठाते हुए शरारती तत्वों ने पहले घर का ताला तोड़ा और फिर भीतर घुसकर आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि जब तक आसपास के ग्रामीणों को भनक लगी, तब तक घर के भीतर रखा फर्नीचर, राशन और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जल कर राख हो गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। पीड़ित परिवार और स्थानीय निवासियों ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह घर में घुसकर आगजनी करना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की छानबीन की मांग की जा रही है।

Parvatanchal