आयोजन: नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का दूसरा दिन; 52 पैराग्लाइडर्स ने भरीं 215 उड़ानें , एंगलिंग और कयाकिंग का रोमांचन

आयोजन: नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का दूसरा दिन; 52 पैराग्लाइडर्स ने भरीं 215 उड़ानें , एंगलिंग और कयाकिंग का रोमांचन
Spread the love

 

कोटद्वार। नयारघाटी एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में राष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्रतियोगिता में दूसरे दिन 52 पैराग्लाइडर्स ने ढाढूखाल के आसमान से 215 उड़ानें भरीं। इसके अलावा 4 टैंडम पैराग्लाइडर्स ने 20 स्थानीय ग्रामीणों को बिलखेत के आसमान की सैर कराई। ट्राइक पैरामोटर से भी 40 से अधिक लोगों को आसमान में उड़ाया गया। सभी प्रतियोगितात्मक खेलों के विजेता प्रतिभागियों का ऐलान एवं पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को तक होगा। शुक्रवार को कई पैराग्लाइडर्स के एक साथ आसमान में उड़ते देखने से दर्शक रोमांचित हो उठे। पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स के विक्रम नेगी की निगरानी में की हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में पैराग्लाइडर्स की ओर से अभी तक कुल 320 उड़ानें भरी गई हैं। प्रतिभागियों की ओर से पिछले दो दिनों में ढाढूखाल से टेक ऑफ हुआ और बिलखेत मैदान पर बने टारगेट बुल आई पर लैंडिंग की। देशभर से आए पैराग्लाइडर पायलट यहां पहुंच कर बहुत रोमांचित हैं। प्रतियोगिता में सिक्किम और केरल समेत देश के विभिन्न राज्यों के 52 पैराग्लाइडर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। वहीं खिर्सू से बिलखेत तक 75 किमी की माउंटेन बाइकिंग में 33 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ऊंचे-नीचे दुर्गम पहाड़ी मार्गों को साइकिल सवारों ने पार किया। . फेस्टिवल में ग्रामीण, युवाओं एवं बच्चों ने हॉट एयर बैलून, टैंडम पैराग्लाइडिंग, कमांडो नेट आदि का निशुल्क लुत्फ उठाया। जिला पर्यटन अधिकारी केएस नेगी ने बताया कि सभी इच्छुक ग्रामीण, युवाओं एवं नौनिहालों का संबंधित खेलों में रजिस्ट्रेशन किया गया है। तीसरे और अंतिम दिन सभी को साहसिक गतिविधियां करवाई जाएंगी।
कयाकिंग में शिवपुरी के खिलाड़ियों का रहा दबदबा
सतपुली। एडवेंचर फेस्टिवल के तहत आयोजित कयाकिंग प्रतियोगिता की दोनों कैटेगरी में पहले स्थान पर शिवपुरी के अमर सिंह ने कब्जा जमाया। उन्होंने स्प्रिंट और कयाकिंग क्रॉस दोनों कैटेगरी में पहला स्थान पाया। स्प्रिंट में ऋषिकेश के अमन रावत दूसरे और शिवपुरी के मनीष रावत तीसरे स्थान पर रहे। कयाकिंग क्रॉस में नेपाल से आए दमन सिंह दूसरे और शिवपुरी के मनीष रावत तीसरे स्थान पर रहे। कयाकिंग प्रतियोगिता वॉटर स्पोर्ट्स एक्सपर्ट ऋषि राणा (पौड़ी) की देखरेख में हुई।
सतपुली के बिलखेत में आयोजित तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के दूसरे दिन रोमांच अपने चरम पर दिखाई दिया। नयार नदी की लहरों के बीच एंगलिंग और कयाकिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सतत निगरानी और समन्वय किया जा रहा है।
मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि दूसरे दिन एंगलिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। बेंगलुरु से आए एंगलर ट्रेवर होम ने तीन महाशीर मछलियां पकड़ीं, जिनमें एक का वजन करीब 2.5 किलोग्राम था। अल्मोड़ा जिले के संजीव परोरिया ने तीन मछलियां पकड़ीं, जबकि चम्पावत जिले के पंचेश्वर निवासी संजय ने विभिन्न प्रजातियों की पांच मछलियां पकड़कर शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता ‘कैच एंड रिलीज’ पद्धति के तहत आयोजित की जा रही है, जिसके अंतर्गत सभी मछलियों को सुरक्षित तरीके से पुनः नदी में छोड़ दिया गया।
वहीं, कयाकिंग प्रतियोगिता में भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि कयाकिंग में 22 कयाकर्स प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतिभागी नयार नदी के अलग-अलग स्थानों पर तेज धाराओं के बीच अपने कौशल और संतुलन का प्रदर्शन कर रहे हैं। नदी की लहरों को चीरते हुए क्याकर्स का आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता दर्शकों के लिए रोमांचकारी रही।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के माध्यम से नयार घाटी को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस तरह के आयोजनों से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर और जैव विविधता के संरक्षण के प्रति भी लोगों में जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आयोजन से स्थानीय व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों को भी सीधा लाभ मिल रहा है।

Parvatanchal