उधम सिंह नगर में वनकर्मियों पर फायरिंग करने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बंदूक भी बरामद

उधम सिंह नगर। बाजपुर कोतवाली के बरहैंनी वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटान के दौरान वन विभाग की टीम पर फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 12 बोर की बंदूक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
दरअसल, बाजपुर कोतवाली क्षेत्र के बरहैंनी वन क्षेत्र में 14 फरवरी की रात अवैध लकड़ी कटान के दौरान वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नामजद मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू निवासी हरसान, बरहैंनी को 18 फरवरी की देर रात गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से 12 बोर की बंदूक भी मिली है। इसी बंदूक से उसने वनकर्मियों पर फायरिंग की थी।
पुलिस के मुताबिक, बीती 17 फरवरी को वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी ने कोतवाली बाजपुर में एक तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि 14 फरवरी की रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह अपने साथियों के साथ अवैध असलहों और पेड़ काटने के उपकरणों के साथ जंगल की ओर गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने तड़के करीब 5ः45 बजे अस्कोट गांव के संपर्क मार्ग पर पांच बाइकों को देखा, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। जब वन कर्मियों ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया तो वे घबरा गए और उसकी बाइकें गिर गईं। इसी दौरान आरोपियों ने वन विभाग की टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सघन जांच और मुखबरी के बाद मुख्य आरोपी दलजीत सिंह को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना में इस्तेमाल बंदूक जंगल में छिपा दी थी। उसकी निशानदेही पर हरसानदृकपकोट मार्ग के पास झाड़ियों से 12 बोर की बंदूक बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


