यूपी में अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी बहुजन समाज पार्टी, मायावती ने किया ऐलान

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर साफ किया कि उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ेगी और 2007 की तरह पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। मायावती ने बुधवार को कहा कि कुछ राजनीतिक दल और मीडिया संस्थान आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) की मदद से यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि बसपा अगला विधानसभा चुनाव किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन कर लड़ेगी जो सरासर गलत है। बसपा समर्थकों को दुष्प्रचार की घिनौनी साजिश से भ्रमित होने की जरुरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस,समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जैसी संकीर्ण मनुवादी सोच वाले दलों से बसपा गठबंधन नहीं करेगी और यह बात वह पहले भी कई दफा सार्वजनिक रुप से दोहरा चुकी हैं। उत्तर प्रदेश समेत देश भर के अंबेडकरवादी लोगों को यह समझना चाहिये कि उनका हित सिर्फ बसपा में है।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली के टाइप 8 का बंगला उन्हे कांग्रेस के शासनकाल से ही मिलता रहा है और हाल ही में सुरक्षा कारणों से उन्हे अलॉट किया गया यह बंगला उन्होने स्वीकार किया है। दो जून 1995 को उत्तर प्रदेश में सपा के घिनौने गेस्ट हाउस कांड में उन पर जानलेवा हमला किया जाने के बाद उन्हे केंद्र सरकार से विशेष सुरक्षा मिलती रही है। इस बारे में किसी भ्रम में पड़ने की जरुरत नहीं है।

