ख़ास ख़बर: सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड फूड पर उच्च-वसा, उच्च-शुगर और उच्च-नमक की चेतावनी देने को कहा
नई दिल्ली (आरएनएन)। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर पोषण संबंधी चेतावनी के लिए चित्रात्मक लेबल लगाने की व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति जे.बी. पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर पोषण संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए। इसमें अधिक वसा, चीनी और नमक वाले खाद्य उत्पादों के लिए अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
न्यायालय ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पैकेट पर छह किनारों वाले षट्कोणीय आकार का चेतावनी चिह्न लगाया जाए। इस चिह्न में संबंधित पोषक तत्व का मानक चित्र और उसके साथ अधिक वसा, अधिक चीनी या अधिक नमक स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों में मौजूद हानिकारक पोषक तत्वों की मात्रा के बारे में आसानी से जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे खरीदारी के समय सोच-समझकर निर्णय ले सकें।
सुप्रीम कोर्ट ने एफएसएसएआई को पोषक तत्वों की अधिकतम स्वीकार्य सीमा निर्धारित करने के संबंध में भी निर्देश दिए हैं। पीठ ने कहा कि चेतावनी के लिए सीमा तय करते समय अतिरिक्त चीनी और अतिरिक्त वसा के बजाय कुल चीनी तथा संतृप्त वसा की मात्रा को आधार बनाया जाए। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा न तो बहुत कम होनी चाहिए और न ही इतनी अधिक कि चेतावनी का उद्देश्य ही प्रभावित हो जाए।
पीठ ने यह भी कहा कि वसा, चीनी और नमक में से जिस भी पोषक तत्व की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक हो, उसके लिए अलग-अलग षट्कोणीय चेतावनी चिह्न लगाया जाना चाहिए। इससे उपभोक्ताओं को एक ही उत्पाद में मौजूद विभिन्न पोषण संबंधी जोखिमों की अलग-अलग जानकारी मिल सकेगी।
न्यायालय ने चेतावनी चिह्न के आकार को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके अनुसार, खाद्य पदार्थों के पैकेट के मुख्य प्रदर्शन वाले हिस्से के अनुपात में प्रत्येक षट्कोणीय चिह्न का आकार निर्धारित किया जाना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय प्रचलित मानकों का उल्लेख करते हुए पीठ ने कहा कि प्रत्येक चेतावनी चिह्न पैकेट के मुख्य प्रदर्शन वाले हिस्से का लगभग 4 से 5 प्रतिशत होना चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि चेतावनी चिह्न का आकार ऐसा हो, जिससे वह हर परिस्थिति में आसानी से दिखाई दे और उपभोक्ता उसे स्पष्ट रूप से पढ़ सकें। न्यायालय के इन निर्देशों का उद्देश्य पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में मौजूद अधिक वसा, चीनी और नमक के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा खाद्य उत्पादों की पोषण संबंधी जानकारी को अधिक पारदर्शी बनाना है।

