शिकंजा : महंगी बाइक के शौक ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे, बुलेट की चोरी में पुलिस ने धर दबोचा

देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का दून पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बुलेट थंडरबर्ड भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक महंगी बाइकों का शौक ही युवक को सलाखों के पीछे ले गया।
कोतवाली डोईवाला में 29 जनवरी 2026 को नत्थुवावाला मियांवाला चौक निवासी हितेष बिष्ट ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मियांवाला चौक स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने से उनकी लाल रंग की बुलेट थंडरबर्ड (यू के 07डीके -7115) अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना डोईवाला में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद 14 फरवरी 2026 को लक्ष्मण सिद्ध मंदिर के पास हर्रावाला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई बुलेट बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे महंगी बाइक चलाने का शौक है और इसी शौक को पूरा करने के लिए उसने बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम मांगेराम पुत्र सुरेंद्र पाल, निवासी पटलोकर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (हाल निवासी ग्राम गोली, थाना फतेहपुर, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश), उम्र 22 वर्ष बताया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


