ब्रेकिंग न्यूज़: राजधानी में फिर गोलियों की गूंज; जिम से बाहर निकलते युवक के सिर पर गोली मारकर उतारा मौत के घाट

पुलिस व्यवस्था को ललकारते अपराधियों के हौसले बुलंद, दहशत के साये में शहर

देहरादून। शुक्रवार सुबह एक और सनसनीखेज आपराधिक वारदात ने शहर को दहला दिया। सिटी सेंटर स्थित जिम में कसरत करने आए 45 वर्षीय स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मूल रूप से काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करने वाले विक्रम शर्मा वर्तमान में देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह जिम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह जिम से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। एक साथी को मुख्य सड़क पर बाइक के साथ तैयार रखा गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मृतक को किसी प्रकार के खतरे की आशंका थी और वह स्वयं भी पिस्टल लेकर आया था, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने या हथियार निकालने का मौका तक नहीं दिया।
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में शहरभर में नाकेबंदी की गई है।
लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने देहरादून में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब थमेगा दून में गोलियों का यह सिलसिला?
क्या देहरादून क्राइम की राजधानी बनता जा रहा है। क्योंकि, 48 घंटे पहले ही दिनदहाड़े तिब्बती बाजार में कारोबारी कर्नल पुत्र अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इससे पहले सरेबाजार मच्छी बाजार में युवती की गला काटकर हत्या के साथ ही हाल में विकासनगर और ऋषिकेश में जघन्य हत्याकांड सामने आ चुके हैं। युवक की शिनाख्त जारी है। खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है।
आज की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पूरे मॉल परिसर को घेराबंदी में लिया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक को बेहद नजदीक से गोली मारी गई है, जिससे यह मामला टारगेट किलिंग की आशंका भी पैदा करता है।
एस्केलेटर पर पड़ा मिला शव, दहशत में लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय मॉल में आवाजाही शुरू ही हुई थी कि अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। कुछ ही पलों में लोग इधर-उधर भागने लगे। जब सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तो युवक एस्केलेटर के पास लहूलुहान हालत में पड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक: मॉल के अंदर और बाहर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मॉल स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। हमलावर की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि हमलावर वारदात के बाद तेजी से मौके से फरार हो गया, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि घटना पूर्व नियोजित हो सकती है।

