निगरानी: मल्टी लेवल पार्किंग से खत्म होगा जाम का झाम, प्रभारी सचिव ने किया निमार्णधीन पार्किग का स्थलीय निरीक्षण

निगरानी: मल्टी लेवल पार्किंग से खत्म होगा जाम का झाम, प्रभारी सचिव ने किया निमार्णधीन पार्किग का स्थलीय निरीक्षण
Spread the love

 

सिंचाई खंड को निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

रुद्रप्रयाग। जनपद प्रभारी सचिव आर. राजेश कुमार ने जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यालय के मुख्य बाजार (पुनाड गदेरे) के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्य की भौतिक प्रगति, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप हो रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव आर. राजेश कुमार ने कहा कि इस पार्किंग के निर्माण से न केवल स्थानीय नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी, बल्कि केदारनाथ धाम सहित चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को भी सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मुख्य बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के कारण यहां प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में यात्री पहुंचते हैं। पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से मुख्य बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्थानीय नागरिकों एवं यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान को लेकर जिला प्रशासन की मांग पर शासन ने मुख्य बाजार के निकट मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण को लेकर शासन से सात करोड़ नो लाख 74 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 2.84 करोड़ की धनराशि जारी की जा चुकी है। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सिंचाई खंड को सौंपी गई है। इस दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह, तहसीलदार प्रणव पांडे सहित अन्य मौजूद थे।

Parvatanchal