शिकंजा: सिडकुल क्षेत्र में मोबाइल झपटने वाले तीन युवक गिरफ्तार, 6 मोबाइल बरामद

शिकंजा: सिडकुल क्षेत्र में मोबाइल झपटने वाले तीन युवक गिरफ्तार, 6 मोबाइल बरामद
Spread the love

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में मोबाइल की झपटमारी से दहशत के बीच हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर सिडकुल थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए छह मोबाइल फोन बरामद किए। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी पढ़े-लिखे हैं और मेट्रिक-ग्रेजुएट पास बताए जा रहे हैं। सिडकुल पुलिस ने 31 जनवरी को चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी सिडकुल की कंपनी में नौकरी करते थे। आरोपी दीपक पुत्र रामचंद्र निवासी घंघेड़ी किरतपुर बिजनौर, अभिनव पुत्र हुकुम सिंह निवासी इब्राहिमपुर बिजनौर, दीपू कुमार पुत्र बिश्मबर निवासी हरिपुर गोकल बिजनौर वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में रह रहे थे। इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में सिडकुल थाना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
ज्वालापुर में स्कूल चोरी का खुलासा, चोर गिरफ्तार
उधर, ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मोहल्ला कस्सावान में हुई चोरी का खुलासा कर आरोपी को सामान सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बीते 31 जनवरी को विद्यालय की प्रधानाध्यापिका किरन शर्मा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोप था कि विद्यालय की रसोई का दरवाजा तोड़कर बड़े पतीले, परात, ढक्कन, बाल्टी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा और कूकर चोरी कर लिए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा के निर्देशन में अपर उप निरीक्षक गम्भीर तोमर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद रविवार को आरोपी मुस्तकीम उर्फ पहाड़ी को लालपुर नहर पटरी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी नशे का आदी है और पूर्व में भी जेल जा चुका है।

Parvatanchal