कामयाबी: पुलिस ने किया लूट कांड का खुलासा, लूटे गए माल व तमंचे समेत शातिर लुटेरा गिरफ्तार
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के अपराधियों के विरुद्ध अपनाए गए सख्त रुख के चलते पुलभट्टा पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर बरा गांव में हुई सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने बरेली क्षेत्र से एक शातिर लुटेरे को अवैध तमंचे, कारतूस और लूट के माल के साथ दबोचने में सफलता प्राप्त की है। एसएसपी के कड़े निर्देशों के बाद गठित एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीमों ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में दबिश देकर इस गिरोह के एक सदस्य को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार बीते 22 जनवरी को ग्राम बरा निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को तहरीर दी थी कि तीन अज्ञात बदमाशों ने रात के समय उनके घर में घुसकर तमंचे के बल पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और घर से 87 हजार रुपये नगद, जेवर व दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इसी रात बदमाशों ने ग्राम बरी से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। एक ही रात में हुई दो बड़ी वारदातों से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी जिसे गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने तत्काल थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में कई टीमों को सक्रिय किया था। पुलभट्ट पुलिस और एसओजी की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाशों का पीछा शुरू किया। टीम ने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार आज 29 जनवरी को पुलिस ने सटीक सूचना पर बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र स्थित अभयपुर तिराहे से अभियुक्त इस्लाम पुत्र अहमद हुसैन, निवासी फतेहगंज पश्चिमी (बरेली) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से लूट में प्रयुक्त एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक नीले ग्रे रंग का बैग और लूट के 26,500 रुपये नगद समेत एक वीवो मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त इस्लाम ने कबूल किया कि उसने अपने भाई अबरार और दोस्त शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने बरा गांव में लूट करने के बाद बरी गांव से भागने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की थी। इस्लाम ने बताया कि लूट के माल में से 25 हजार रुपये और एक मोबाइल उसके हिस्से में आया था जबकि शेष नगदी, जेवर और चोरी की मोटरसाइकिल उसके भाई अबरार और शकील के पास है। पुलिस अब फरार अभियुक्तों अबरार और शकील की सरगर्मी से तलाश कर रही है। एसएसपी ने इस सफल अनावरण के लिए गिरफ्तारी टीम की पीठ थपथपाई है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, रविन्द्र सिह विष्ट थानाध्यक्ष दिनेशपुर, नन्दन सिह रावत थानाध्यक्ष पन्त नगर,उपनिरीक्षक दिश चन्द भट्ट, धीरज वर्मा, प्रदीप पन्त, पंकज कुमार, जगत सिह शाही, दीपक जोशी, अनवर अहमद, अपर उपनिरीक्षक प्रताप सुयाल, प्रकाश चन्द,कास्टेबल दीपक विष्ट, महेन्द्र सिह, गजेन्द्र सिह, अमित जोशी, अमित देवरानी, उमेश एसओजी से निरीक्षक जसवीर सिह चौहान, उपनिरीक्षक रमेश बेलवाल, कास्टेबल0 पंकज बेनीवाल, राजेन्द्र कश्यप, भूपेन्द्र सिह, दिनेश, नीरज शुक्ला व वीरेन्द्र आदि शामिल रहे।

