आवाज़: स्टेट हाईवे-9 से जुड़ेगा साझासैंण, पुल का निर्माण पूरा, ग्रामीणों ने की एप्रोच रोड जल्द बनाने की मांग

आवाज़: स्टेट हाईवे-9 से जुड़ेगा साझासैंण, पुल का निर्माण पूरा, ग्रामीणों ने की एप्रोच रोड जल्द बनाने की मांग
Spread the love

कोटद्वार। साझासैंण गांव को स्टेट हाईवे-9 से जोड़ने के लिए प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। दरअसल कार्यदायी संस्था लोनिवि दुगड्डा की ओर से 14 लाख की लागत से पुल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है लेकिन अभी एप्रोच रोड बननी बाकी है। ग्रामीणों ने एप्रोच रोड का निर्माण जल्द पूर्ण कराने की मांग उठाई है। ग्राम पंचायत सिमलचौड़ के राजस्व ग्राम साझासैंण के ग्रामीणों की मांग पर वर्ष 2005-06 में तत्कालीन विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने गांव को धुमाकोट-दुगड्डा मार्ग से जोड़ने के लिए एक किमी सड़क निर्माण के लिए शासन से 55 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कराया था। सड़क तो बन गई लेकिन बरसाती नाला आरक्षित वन क्षेत्र में होने के कारण पुल का निर्माण नहीं हो पाया था। बरसाती नाले में पुल न बनने से ग्रामीणों को बरसात में अपने वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करना मजबूरी बना था। गांव साझासैंण दुगड्डा रेंज व केटीआर से सटा होने के कारण वन्यजीव बहुल क्षेत्र भी है। वन्यजीवों के हमलों की आशंका को देखते हुए ग्रामीण लगातार पुल बनाने की मांग उठाते आ रहे थे। क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट के निर्देश पर तहसील प्रशासन, वन विभाग व लोनिवि की ओर से पुल निर्माण स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया था। संयुक्त निरीक्षण के बाद वन विभाग ने पुल निर्माण को हरी झंडी प्रदान की थी। पुल निर्माण के लिए शासन से 14 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई। कार्यदायी संस्था लोनिवि दुगड्डा ने जनवरी, 2025 में पुल का निर्माण कार्य शुरू कराया था। वर्तमान में पुल का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। अभी एप्रोच मार्ग नहीं बना है जिससे ग्रामीणों को पुल का लाभ नहीं मिल सका है। गोपाल सिंह, त्रिलोक सिंह, आत्माराम, महेंद्र सिंह आदि ने लोनिवि दुगड्डा से पुल की एप्रोच रोड जल्द बनवाने की मांग की है।
साझासैण गांव में पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एप्रोच रोड तैयार की जा रही है। फरवरी तक एप्रोच रोड का कार्य पूर्ण हो जाएगा। ग्रामीणों को बरसात में आवाजाही में दिक्कत नहीं होगी।   –  निर्भय सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा।

Parvatanchal