आक्रोश: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान पर चढ़ा कांग्रेसियों का पारा, किया मौन प्रदर्शन

कोटद्वार। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर कांग्रेसियों ने प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान के विरोध में रविवार को देवी मंदिर में मौन प्रदर्शन किया। स्वामी के अपमान को सनातन परंपरा पर आघात बताते हुए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जाएगा। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता देवी मंदिर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने शांतिपूर्ण ढंग से उपवास व मौन प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मीना बछवाण ने कहा कि प्रयागराज में स्वामी के साथ जो घटना घटी उसने पूरे संत समाज को आहत किया है। कांग्रेस पार्टी शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से ऐसे हर अन्याय का विरोध करती रहेगी। सनातन धर्म सहिष्णुता, शांति और संवाद की परंपरा सिखाता है लेकिन जब उसी परंपरा के शीर्ष संत का अपमान होता है तो पूरे समाज का मुखर होना आवश्यक हो जाता है। यह मौन और उपवास सरकार और प्रशासन को चेताने का एक नैतिक प्रयास है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे संत समाज, धर्म, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेंगे। प्रदर्शनकारियों में सुधा असवाल, प्रीति देवी, सुनील सेमवाल, अमित राज सिंह, शूरवीर खेतवाल, हेमचंद पंवार, देवेंद्र सिंह नेगी, सतेंद्र सिंह नेगी, राकेश शर्मा, कांति प्रसाद धस्माना, चंद्रमोहन सिंह रावत, कृपाल सिंह, विजय माहेश्वरी, अनिल वर्मा, राजीव कपूर, मानशेर सिंह सैनी, बलबीर सिंह रावत व प्रदीप सिंह नेगी आदि शामिल रहे।

पुलिस पर भड़के कांग्रेसी, किया कोतवाली का घेराव
दूसरी ओर, यूथ कांग्रेस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कण्वाश्रम महोत्सव के दौरान विभिन्न मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाए जाने और रात को कार्यकर्ताओं के घर जाकर परिजनों पर दबाव बनाने पर रोष जताया। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को कोतवाली का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को कोतवाली बुलाया गया था। उन्होंने प्रशासन को सहयोग करते हुए वार्ता की। आरोप लगाया कि इसके बाद रात को पुलिस ने फिर से यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर जाकर उनके परिजनों पर दबाव बनाया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की निंदा करते हुए सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। घेराव करने वालों में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मीना बछवाण, महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय मित्तल, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय सिंह रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, बृजमोहन सिंह नेगी, सुदर्शन सिंह रावत, राजीव कपूर, मानशेर सैनी, नीरज बहुगुणा, आमिर, दीपक, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी, अंकुश घिल्डियाल व पूर्व छात्र संघ महासचिव शुभम सुयाल आदि शामिल रहे।

