एक्शन: सोशल मीडिया पर वायरल लेटर को लेकर गठित पुलिस टीम ने शुरू की जांच

पत्र में समुदाय विशेष के परिवार पर छात्राओं की ख़रीद फरोख्त का लगाया गया है आरोप

रुद्रपुर। बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित पत्र के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। इस प्रकरण को लेकर रविवार को विधायक शिव अरोरा और मेयर विकास शर्मा ने एसएसपी से फोन पर वार्ता कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। बताया जा रहा है कि रुद्रपुर के एक स्कूल के बाहर कथित रूप से मिला यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पत्र में एक छात्रा ने एक विशेष समुदाय की युवती और उसके परिजनों पर युवतियों की खरीद-फरोख्त से जुड़े कथित रैकेट के संचालन का गंभीर आरोप लगाया है। कथित पत्र में आरोप लगाया गया है कि कॉलेज और उसके आसपास पढ़ने वाली छात्राओं को बहला-फुसलाकर एक संगठित नेटवर्क के जरिये गलत गतिविधियों में धकेलने का प्रयास किया जाता है। पत्र के अनुसार, एक सहपाठी ने छात्रा से दोस्ती कर उसे झांसे में लिया और दूसरे जिले में ले जाकर संदिग्ध लोगों से मिलवाया, जहां नेटवर्क से जुड़ने के बदले मोटी रकम का लालच दिया गया। आरोप है कि इनकार करने पर छात्रा को धमकियां दी गईं और अज्ञात नंबरों से कॉल कर निजी वीडियो वायरल करने तथा नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई। पत्र में कुछ दुकानों और कोचिंग संस्थानों को भी इस कथित नेटवर्क के संपर्क बिंदु के रूप में उपयोग किए जाने का उल्लेख है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न माध्यमों से पत्र की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम गठित कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

