आवाज़:जन संघर्ष मोर्चा ने उठाई खतरनाक मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

आवाज़:जन संघर्ष मोर्चा ने उठाई खतरनाक मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
Spread the love

 

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने खतरनाक कांच लेपित व नायलॉन मांझा (पतंग की डोरी) की बिक्री को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शासन व पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बावजूद भी कुछ दुकानदार थोड़े से लालच में इस जानलेवा मांझे की धड़ल्ले से बिक्री कर रहे हैं, जो सीधे तौर पर लोगों के जीवन से खिलवाड़ है।
नेगी ने कहा कि यह मांझा इतना मजबूत और धारदार होता है कि सड़क पर चल रहे स्कूटर या मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की गर्दन तक काट देता है। इसके अलावा इस घातक मांझे की वजह से बेजुबान पक्षियों की भी जान चली जाती है, उनके पंख और गर्दन कट जाती हैं, जो अत्यंत पीड़ादायक और अमानवीय है।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मांग की कि ऐसे लालची दुकानदारों के खिलाफ समय-समय पर सघन अभियान चलाया जाए और छापेमारी कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। नेगी ने दुकानदारों को नसीहत देते हुए कहा कि यदि ईश्वर न करे, कभी उनके अपने परिजन इसकी चपेट में आ जाएं, तो उन्हें इसका असली दर्द समझ में आएगा।
जन संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि इस गंभीर मुद्दे को लेकर वह शीघ्र ही पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात करेगा और दोषी दुकानदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पूरी मजबूती से कदम उठाएगा। पत्रकार वार्ता में मोर्चा के महासचिव आकाश पंवार एवं विजय राम शर्मा भी उपस्थित रहे।

Parvatanchal