अवैध कटान: जयहरीखाल-गुमखाल के बीच बांज के पेड़ों पर फिर चली आरी, मामला दर्ज
कोटद्वार। जयहरीखाल और गुमखाल के बीच पौखाल से आगे एक बार फिर से बांज के पेड़ों का अवैध कटान का मामला प्रकाश में आया है। इस बार बांज के सात और चीड़ का एक पेड़ काटा गया है। राजस्व पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जयहरीखाल-गुमखाल मार्ग पर बांज के पेड़ों का अवैध कटान थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात फिर से अवैध कटान का मामला सामने आने पर ग्रामीणों ने रोष जताया है। ग्रामीणों ने एसडीएम समेत वरिष्ठ अधिकारियों से घटनास्थल का मुआयना कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले 8 से 10 बांज के पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आने पर ग्रामीणों ने रातभर धरना प्रदर्शन किया था। तब एसडीएम ने मौका मुआयना किया था। लगातार दूसरी घटना से लोगों में आक्रोश बना है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग की निष्क्रियता पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है जिसका लाभ उठाकर अवैध लकड़ी काटने वालों के हौसले बढ़ गए। पहले वाले मामले में तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। इसी बीच रविवार की रात फिर अवैध कटान की घटना सामने आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बीती रात भी उसी क्षेत्र में संरक्षित प्रजाति के पेड़ों को निशाना बनाया गया जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ये घटनाएं जंगल और पर्यावरण संरक्षण कानूनों को खुली चुनौती है। बांज के पेड़ पहाड़ की जलधाराओं और पारिस्थितिक संतुलन की रीढ़ हैं। लगातार हो रहे अवैध कटान से जिम्मेदार विभागों पर सवाल उठने लाजिमी हैं।
ग्रामीणों ने एसडीएम से की मौका मुआयना करने की मांग: ग्रामीणों ने एसडीएम से स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों में कर्नल कुलदीप गुसाईं (रि.) ओडली की ग्राम प्रधान रेखा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना देवी, दीपक बौठियाल, बृजमोहन सिंह, देवेंद्र, विजयलक्ष्मी, रजनी, कंचनलता, संगीता, कुमला देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की।
अज्ञात के खिलाफ हुआ मुकदमा दर्ज: लैंसडौन तहसील के पटवारी सर्किल कौडिया-2 के राजस्व उपनिरीक्षक रंजन सिंह बिष्ट ने बताया कि मौके पर जांच के दौरान सात बांज और एक चीड़ का पेड़ कटा हुआ पाया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। गुमखाल चौकी इंचार्ज संजय रावत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विवेचना जारी है। पुलिस आरोपियों की पहचान समेत पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

