शोषण: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, एसएसपी से शिकायत
रुद्रपुर। शादी का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवती ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है। दिनेशपुर क्षेत्र निवासी एक युवती ने बताया कि उसका पांच साल पहले बाजपुर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। पिछले चार साल से युवक शादी का वादा करता रहा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो जून और अगस्त में दो बार पंचायत हुई। पंचायत में आरोपी युवक ने लिखित समझौता भी किया। बावजूद इसके शादी की बात पर टालमटोल करता आ रहा है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले में दिनेशपुर पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
रंजिश में युवक पर हमला, छह पर केस
उधर, पुरानी रंजिश में युवक से मारपीट के आरोप में पुलभट्टा पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ग्राम बरा निवासी रवि गिरी ने तहरीर में बताया कि दो साल पुरानी रंजिश के चलते 20 दिसंबर को किच्छा जाते समय सूरज, सोनू, रविन्द्र ने अपने साथियों प्रकाश व राहुल के साथ उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि उसे बाइक से खींचकर धारदार हथियार से हमला किया गया और लात-घूंसे मारे गए। बीचबचाव में आए विवेक गिरी, आकाश गिरी और राकेश गिरी के साथ भी मारपीट की गई। घटना में उसकी सोने की चेन भी खो गई। शिकायत करने थाने पहुंचने पर भी आरोपियों ने उसके भाई आकाश के साथ मारपीट की। पुलिस ने तहरीर पर सूरज, सोनू, रविन्द्र, प्रकाश, राहुल और भीमसेन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

