शातिर: चलती बस में ड्राइवर की सीट के नीचे रखें सूटकेस से उड़ा लिए यात्री के जेवरात
देहरादून। आईएसबीटी से हरिद्वार जा रहे एक दंपति के साथ चलती बस में शातिराना ढंग से चोरी की वारदात सामने आई है। घटना के करीब 18 दिन बाद पटेलनगर कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। प्रभु कॉलोनी चंद्रबनी निवासी रमेश चंद्र मंजेडा ने पटेलनगर थाने में तहरीर दी। बताया कि बीते 30 नवंबर को उनका बेटा और बहू शादी समारोह में शामिल होने के लिए आईएसबीटी से हरिद्वार जाने वाली बस में सवार हुए थे। जब बेटा अपना सूटकेस ड्राइवर सीट के नीचे रख रहा था तभी पांच संदिग्ध व्यक्ति उनके साथ ही बस में चढ़े। चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से दंपति को बस के भीतर ही घेर लिया। वे ड्राइवर के पीछे की पहली और दूसरी सीट पर बैठ गए, जिससे पीड़ित दंपति को उनके पीछे की सीट पर बैठना पड़ा। जैसे ही बस रिस्पना पुल की लाल बत्ती पर रुकी, पांचों संदिग्ध बारी-बारी से नीचे उतर गए। हरिद्वार पहुंचने पर जब दंपति ने सूटकेस खोला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूटकेस से सोने के दो कड़े, दो अंगूठियां और एक मंगलसूत्र चोरी हो चुका था। उन्होंने घटना के तत्काल बाद पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर पटेलनगर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

