प्रतिष्ठानों में किया गया फायर रिस्क का निरीक्षण
रुद्रप्रयाग। आमजनमानस की सुरक्षा के दृष्टिगत जनपद रुद्रप्रयाग की अग्निशमन इकाई द्वारा ऊखीमठ, चन्द्रापुरी क्षेत्रान्तर्गत स्थित होटलों, होमस्टे, कैफे सहित अन्य प्रतिष्ठानों में किया गया फायर रिस्क का निरीक्षण। अग्नि सुरक्षा से सम्बन्धित मानकों को पूर्ण न करने वाले प्रतिष्ठान स्वामियों को मानक पूर्ण किये जाने के दिये गये नोटिस। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गणनाथ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में अग्निशमन इकाई रुद्रप्रयाग द्वारा जनपद के ऊखीमठ से लेकर चन्द्रापुरी तक के क्षेत्र में स्थित होटल, लॉज, कैफे एवं होमस्टे का सघन फायर रिस्क निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फायर टीमों द्वारा फायर सेफ्टी मानकों की जांच कर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति, विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडरों का सुरक्षित प्रयोग, आपातकालीन निकास मार्ग एवं अग्नि दुर्घटना से बचाव के उपायों का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों को संस्थान में स्थापित अग्निशमन उपकरणों के संचालन एवं प्रयोग विधि का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, सम्बन्धित होटल व प्रतिष्ठान स्वामियों को निर्देशित किया गया कि मानकों के अनुरूप पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखे जाने, आपातकालीन निकास चिन्हित किये जाने व उन्हें अवरोध मुक्त रखे जाने, विद्युत सुरक्षा एवं लोड प्रबन्धन करने, ज्वलनशील पदार्थों को एकत्रित न करने हेतु बताया गया। निरीक्षण के दौरान जिन संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था पूर्ण नहीं थी उन संस्थानो में आवश्यक अग्निशमन उपकरणों को तत्काल स्थापित करने हेतु नोटिस निर्गत किये गये। फायर सर्विस के इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जनसुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आगजनी जैसी घटनाओं को पूर्व में ही रोकना है।

