शिकंजा: गोवा क्लब अग्निकांड में फरार अजय गुप्ता 4 दिन बाद दिल्ली से गिरफ्तार, लुकआउट सर्कुलर किया गया था जारी
पणजी। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में गोवा पुलिस ने एक और आरोपी अजय गुप्ता को नई दिल्ली से हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। इससे पहले जब पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची थी, वह वहां से फरार हो चुका था। पुलिस ने कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया और मंगलवार को उसे पकड़ लिया।
गौरतलब है कि 7 दिसंबर को गोवा के इस नाइट क्लब में फायर शो के दौरान भयंकर आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद क्लब के मालिक गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड भाग गए। गोवा पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट रद्द करने के लिए रीजनल पासपोर्ट ऑफिस को पत्र भेजा है। क्लब के अन्य मालिकों—गुरुग्राम निवासी अजय गुप्ता और ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला—के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था ताकि वे देश से बाहर न जा सकें।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक और नैतिक चूक माना है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि राज्य में संचालित सभी अवैध क्लब, बार और मनोरंजन स्थलों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गोवा पर्यटन विभाग ने वागाटोर स्थित लूथरा ब्रदर्स के अवैध बीच शैक ‘रोमियो लेन’ को गिरा दिया। पुलिस एफआईआर के अनुसार, क्लब में फायर शो के दौरान न तो फायर एक्सटिंग्विशर थे और न ही स्प्रिंकलर, इमरजेंसी अलार्म या स्मोक एक्सट्रैक्शन सिस्टम मौजूद था। क्लब शुरू होने से पहले कोई फायर ऑडिट भी नहीं कराया गया था।
गोवा क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स ने रोहिणी कोर्ट में दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका
दूसरी ओर नई दिल्ली से मिली ख़बर के अनुसार,गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण में पहुंचे हैं। नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा ने विदेश भागने के बाद दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। ये याचिका अपने वकील के जरिए दाखिल कराई है। याचिका में कोर्ट से जमानत देने की अपील की गई है।
वहीं, पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स के करीबी और बिजनेस पार्टनर अजय गुप्ता को गोवा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। अजय गुप्ता ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बताया कि वो क्लब में सिर्फ बिजनेस पार्टनर है। उसे कुछ नहीं पता। गोवा पुलिस अजय गुप्ता को साकेत कोर्ट में पेश कर इसका ट्रांजिट रिमांड लेगी। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच गोवा पुलिस को सिर्फ असिस्ट कर रही है। वहीं लूथरा ब्रदर्स ने रोहिणी कोर्ट में एंटीसिपेटरी बेल लगाई है। उनका घर मुखर्जी नगर में है इसलिए अग्रिम जमानत रोहिणी कोर्ट में लगाई गई है।
बता दें कि गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक गौरव लूथरा को थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर देखा गया है। वह हादसे के बाद विदेश भाग गए। गोवा मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि इंटरपोल ने नाइटक्लब मालिकों सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

