हादसा: रेत से भरी बुग्गी की चपेट में आकर 12 वर्षीय बालक की मौत, मौके से भाग निकला चालक

हादसा: रेत से भरी बुग्गी की चपेट में आकर 12 वर्षीय बालक की मौत, मौके से भाग निकला चालक
Spread the love

रुद्रपुर।  सिरौली में रेते से भरी बुग्गी की चपेट में आकर 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद बुग्गी चालक मौके से फरार हो गया। सोमवार को रेते से भरी बुग्गी पुराने बरेली रोड से सिरौली की ओर जा रही थी। इस दौरान रेलवे फाटक के निकट घर से बाहर खेल रहा 12 वर्षीय सैफू पुत्र शाहिद निवासी सिरौली बुग्गी की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सैफू की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया। पुलभट्टा थाना इंचार्ज प्रदीप मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ओवर स्पीड में 40 वाहनों के चालान
दूसरी ओर, शहर में ओवर स्पीड में चलने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को एआरटीओ प्रशासन मोहित कोठारी के नेतृत्व में टीम ने ओवर स्पीड में चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की। परिवहन विभाग की टीम ने ओवर स्पीड में 40 वाहनों का चालान किया। साथ ही उनसे 80 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। परिवहन विभाग की टीम में परिवहन निरीक्षक गोकुल सिंह, मनोज भंडारी, परिवहन सहायक निरीक्षक महेंद्र सिंह, परिवहन आरक्षी रवि क्वीरा, डिंपल सिंह, गौरव खाती रहे।

Parvatanchal