दहशत: मां के साथ आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौट रहे बच्चे पर गुलदार ने किया हमला

दहशत: मां के साथ आंगनबाड़ी केंद्र से घर लौट रहे बच्चे पर गुलदार ने किया हमला
Spread the love

पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज में गुलदार के हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े गुलदार ने कोट ब्लाक के देवार गांव में आंगनबाड़ी से घर जा रहे 4 साल के बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे बच्चे के सिर पर घाव बने हैं। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। देवार के ग्राम प्रधान गौरव कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रेम सिंह ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को करीब साढ़े 12 बजे 4 साल का अनमोल आंगनबाड़ी से छुट्टी के बाद अपनी मां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ घर जा रहा था। इसी दौरान छुंयाधार के पास घात लगाए गुलदार ने अनमोल पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि अनमोल की मां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और अन्य ग्रामीणों के हो हल्ला करने पर गुलदार भाग खड़ा हुआ। घायल अनमोल को जिला अस्पताल लाया गया। अनमोल के सिर पर हल्के घाव आए हैं। अस्पताल में उपचार के बाद अनमोल को छुट्टी दे दी गई है। वहीं, क्षेत्र में दिनदहाड़े गुलदार के हमले से दहशत का माहौल बना हुआ है।
गुलदार को मारने की उठाई मांग:

गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदेव रेंज के देवार गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े 4 साल के मासूम पर गुलदार के हमले से स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। आक्रोशित जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को मारने की मांग की है। मंगलवार को देवार गांव में 4 साल के मासूम पर गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। हमले के बाद आक्रोशित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने गढ़वाल वन प्रभाग की एसडीओ आयशा बिष्ट से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण डर के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने गुलदार को मारने की मांग उठाई। कहा कि जल्द गुलदार को नहीं मारे जाने पर ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सभासद गौरव सागर, बीडीसी सदस्य प्रेम सिंह, ग्राम प्रधान गौरव, महेंद्र, प्रीतम, अजय आदि शामिल थे।
आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन दिन तक अवकाश घोषित
इस घटना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने क्षेत्र के 6 आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन दिन तक अवकाश घोषित कर दिया है। डीपीओ पौड़ी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र देवार की आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुषमा ने गुलदार के हमले से मासूम को बचाने में सराहनीय भूमिका निभाई। विभाग उनकी प्रशंसा करता है। बताया कि घटना के बाद क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र देवार के साथ-साथ वड्डा, चमना, कांडा, नवन व बुरांसी में तीन दिन का अवकाश घोषित किया है। तीन दिन बाद नौनिहालों के सुरक्षा को लेकर प्रशासन व वन विभाग के साथ समीक्षा की जाएगी, जिसके बाद उक्त आंगनबाड़ी केंद्रों खोलने या अवकाश को बढ़ाएं जाने पर निर्णय लिया जाएगा।

Parvatanchal