साहस: हमलावर भालू से भिड़ गये भरत सिंह, घायल होकर भी भगाने में हुए कामयाब
रुद्रप्रयाग। जनपद के कोट मल्ला में बुधवार सुबह गांव के एक व्यक्ति को गांव से कुछ दूरी पर जाते वक्त भालू ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। वह भालू से बहादुरी से भिड़ते हुए अपनी जान बचाने में कामयाब हो गया। घायल द्वारा ग्रामीणों को सूचना देने के बाद लोग मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 6:30 बजे 55 वर्षीय भरत सिंह पुत्र उदय सिंह गांव से कुछ दूर पानी खोलने जा रहा था कि इसी बीच उस पर भालू ने हमला कर दिया। काफी देर तक वह भालू से संघर्ष करता रहा। जबकि वह जान बचाने के लिए पेड़ में चढ़ा तो भालू पीछा करता रहा और उसके पैर को बुरी तरह जख्मी कर दिया। हिम्मती भरत ने भालू से काफी संघर्ष करने के बाद उसे भगाने में कामयाबी पाई। जबकि अपने परिवार और ग्रामीणों को फोन कर घटना की सूचना दी जिसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायल व्यक्ति को जिला चिकित्सालय लाया गया जहां उसका प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर किया गया। पर्यावरणविद जगत सिंह जंगली ने बताया कि उक्त व्यक्ति गांव में पानी की व्यवस्था भी देखता है इसलिए वह पानी खोलने जा रहा था कि इस बीच घटना हो गई। जिला चिकित्सालय में डॉ मनीष ने बताया कि भालू द्वारा घालय व्यक्ति का एक पैर बुरी तरह खराब किया गया है जिसे उच्चकोटि के उपचार की जरूरत है इसलिए रैफर किया गया। इधर, उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र पुंडीर ने बताया कि घायल को उचित मुआवजा दिया जाएगा। जबकि ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए टीम क्षेत्र में भेजी जाएगी।

