तह़रीर: महिला ने लगाया डीज़ल डालकर जलाने की कोशिश करने का आरोप, पुलिस ने किया केस दर्ज

तह़रीर: महिला ने लगाया डीज़ल डालकर जलाने की कोशिश करने का आरोप, पुलिस ने किया केस दर्ज
Spread the love

रुद्रपुर। जमीनी रंजिश के चलते महिला ने चार लोगों पर लाठी-डंडे, फावड़ा लेकर मारपीट करने और डीज़ल डालकर उसे ज़िंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्राम बिडौरा निवासी रोशनी जंतवाल बोरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2014 में उन्होंने 27 लाख रुपये में भूमि खरीदी थी। आरोप है कि आलम सिंह ने खेत संख्या 222 बताकर रजिस्ट्री कराई, लेकिन बाद में जांच में उनकी काबिज भूमि 222 की बजाय 198/4 निकली। बताया कि जून 2025 में भूमि को लेकर विवाद बढ़ गया और आलम सिंह ने जबरन कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया। बताया कि शुक्रवार को वह गेहूं की बुवाई के लिए खेत पर पहुंची, तभी आलम सिंह, उसका भाई गुरराज सिंह, उसकी बेटी संदीप कौर और गुरराज सिंह की बेटी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि आलम सिंह डीज़ल की जेरिकेन, गुरराज सिंह फावड़ा, संदीप कौर मशाल और दूसरी लड़की डंडा लेकर आई। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए डीज़ल डालकर जलाने की कोशिश की। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कार बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप
उधर, बाजपुर के एक व्यक्ति को लोन चुकाए बिना कार बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसएसपी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शनिवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे ग्राम हरसान बाजपुर निवासी सरजीत सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि 21 सितंबर को उन्होंने दिनेशपुर के एक व्यक्ति से एक कार 2.20 लाख में खरीदी थी। उन्होंने पूरी रकम दे दी और जब एनओसी मांगी तो पता चला कि वाहन पर बैंक का लोन बकाया है। आरोप है कि वाहन के असली मालिक और अन्य व्यक्ति ने एक माह के भीतर ऋण चुकाने और एनओसी उपलब्ध कराने का शपथ-पत्र दिया था। लेकिन डेढ़ महीना बीतने के बाद भी न तो ऋण जमा किया गया और न ही एसओसी दी गई। बार-बार मांगने पर भी तीनों मामले को टालते रहे। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Parvatanchal