हेकड़ी: दहेज के लिए पत्नी को निकाल दिया घर से और रचा ली दूसरी शादी, मुकदमा दर्ज़

हेकड़ी: दहेज के लिए पत्नी को निकाल दिया घर से और रचा ली दूसरी शादी, मुकदमा दर्ज़
Spread the love

 

ऋषिकेश। एक महिला ने दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाई तो पति ने उसे घर से निकाल दिया और दूसरी शादी कर ली। आरोप है कि पहली पत्नी को घर से निकालते हुए 10 लाख रुपये की मांग पूरी न होने तक घर वापस न आने की धमकी भी दी। इसी बीच आरोपी पति ने दूसरी शादी भी रचा ली। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, ऋषिकेश स्थित विस्थापित क्षेत्र निवासी 33 वर्षीय महिला ने तहरीर दी। बताया कि उसका विवाह राहुल शर्मा निवासी हरिलोक कॉलोनी, ज्वालापुर, हरिद्वार से साल 2012 में हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए उत्पीड़न शुरू कर दिया। इस दौरान कई दफा मारपीट कर धमकियां भी दीं। बीते साल मई में पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसे घर से निकाल दिया और 10 लाख रुपये लेकर ही वापस आने की शर्त भी रखी। यह भी आरोप लगाया कि इसी साल पति ने किसी अन्य महिला से शादी भी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति राहुल शर्मा, उर्मिला शर्मा, ऋषि शर्मा और श्वेता शर्मा, सभी निवासी निवासी हरिलोक कॉलोनी, ज्वालापुर, हरिद्वार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कोतवाल राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर सभी नामजद लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Parvatanchal