हादसा: प्रतिबंधित बीच पर नहाने के दौरान गंगा में डूब गया दिल्ली का पर्यटक

हादसा: प्रतिबंधित बीच पर नहाने के दौरान गंगा में डूब गया दिल्ली का पर्यटक
Spread the love

ऋषिकेश। ऋषिकेश के शिवपुरी क्षेत्र में प्रतिबंधित यूसुफ बीच पर नहाने के दौरान दिल्ली का पर्यटक गंगा में डूब गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रविवार दोपहर बाद जिला कंट्रोल रूम टिहरी से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि शिवपुरी स्थित यूसुफ बीच के समीप गंगा नदी में एक युवक डूब गया है। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सूचना मिलते ही डीप डाइविंग टीम आवश्यक रेस्क्यू और सर्च उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। जानकारी जुटाने पर पता चला कि राहुल चौहान (25), पुत्र सुभाष चौहान, निवासी गदरपुर बॉर्डर, दिल्ली, अपने छह दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक गंगा किनारे स्थित प्रतिबंधित क्षेत्र में नहाने चले गए। इसी दौरान राहुल ने गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह गंगा नदी में समा गया। एसडीआरएफ निरीक्षक सजवाण ने बताया कि टीम ने संभावित डूब क्षेत्र को चिन्हित कर गहन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइविंग विशेषज्ञ नदी के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन कर रहे हैं।
घूमने आए दिल्ली के पति-पत्नी भी गंगा में नहाते हुए डूबे
उधर,नावघाट पर दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों में एक दंपति समेत तीन लोग गंगा में बह गए। एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया लेकिन तीनों का कुछ पता नहीं चल सका। इस घटना के बाद साथ आए परिजन सदमे में है।

Parvatanchal