हादसा: देवी जागरण के दौरान मकान की दीवार गिरी, 12 घायल
काशीपुर। देवी जागरण के दौरान छत की दीवार की दीवार गिर गयी जिससे दो वर्षीय बच्चे समेत 10 से ज्यादा महिलाएं घायल हो गईं। सभी को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चार महिलाओं की हालत गम्भीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया गया।
काशीपुर के आईटीआई थाना क्षेत्र के खड़कपुर देवीपुरा में यह घटना गुरुवार सुबह घटी। यहां अशोक कुमार तोमर के घर पर देवी जागरण का आयोजन था। इस दौरान जागरण की तैयारियों के चलते टेंट कर्मियों के द्वारा टेंट की रस्सी को छत की दीवार से बांध दिया गया।
गुरुवार सुबह देवी जागरण समाप्ति की तरफ था। मां भगवती की आरती की तैयारी चल रही थी। तभी तेज बारिश और हवा से टेंट हिलने लगा। इससे जीर्ण शीर्ण हालत वाली छत की दीवार नीचे आ गिरी। छत की दीवार अचानक गिरने से वहां हड़कंप मच गया। दीवार की चपेट में आकर एक बच्चे समेत 12 लोग घायल हो गए।
घायल महिलाओं में मिथलेश पत्नी सुनील, स्वाति पुत्री नरेश, मंजू पत्नी चंद्रपाल, किरन पत्नी बबली, काजल पुत्री बबली, रुक्मण पत्नी काले, पूजा पत्नी विकास, प्रियंका पत्नी मनोज, लक्ष्मी पत्नी नरेश शामिल हैं। प्रियंका के साथ उसका दो वर्ष का बालक तरुण भी घायल हो गया। सभी घायलों को तुरन्त ही राजकीय चिकित्सालय लाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद चार महिलाओं को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

