हादसा : अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई स्कूटी, युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
विकासनगर। बाढ़वाला बैंड के पास बुधवार देर रात एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे दो युवक स्कूटी से डुमेट में आयोजित एक शादी समारोह से लौटकर विकासनगर की ओर आ रहे थे। बाढ़वाला बैंड के समीप अचानक स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में स्कूटी सवार आशीष त्यागी (25) पुत्र अशोक कुमार त्यागी और आशीष त्यागी (32) पुत्र ऋषि पाल, निवासी लैंडोरा, जुन्नर्धार मुंसेल, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आशीष त्यागी पुत्र अशोक कुमार त्यागी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया स्कूटी के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा हुआ है। घायल युवक का उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
किराए के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत मिला युवक
दूसरी ओर, लांघा रोड छरबा में गुरुवार को एक युवक अपने किराए के कमरे के अंदर मृत अवस्था में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। युवक पिछले कई सालों से छरबा में अकेले किराए के कमरे में रहता था और सेलाकुई में एक फैक्ट्री में काम करता था। कोतवाल सहसपुर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि दीवान सिंह 38 वर्ष पुत्र प्रेमसिंह, निवासी ऊखीमठ जिला रुद्रप्रयाग का रहना वाला था। वह पिछले आठ-दस साल से छरबा में प्यार सिंह के मकान में किराए के कमरे में अकेला रहता था। मकान मालिक ने बताया कि पिछले दो दिन से उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला था। दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर उन्होंने पुलिस को फोन किया। कोतवाल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जिसके बाद युवक के रिश्तेदारों की मौजूदगी में दरवाजे को तोड़ा गया तो वह कमरे के अंदर बिस्तर पर मृत पड़ा था। बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा।

