सीनाज़ोरी: बिजली कनेक्शन काटने गयी ऊर्जा निगम की टीम से बकाएदारों ने की अभद्रता
ऋषिकेश। बापूग्राम में बिजली बिल का भुगतान नहीं करने पर बुधवार को कनेक्शन काटने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम के साथ बदलसूकी की गई। आधा दर्जन लोगों ने टीम में शामिल अधिकारियों के साथ गाली-गलौच करते हुए धमकी भी दी। मामला बढ़ने पर टीम शिकायत लेकर सीधे आईडीपीएल चौकी पहुंची। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक ऊर्जा निगम के बैराज स्थित उपसंस्थान में तैनात अवर अभियंता श्याम सुंदर बुधवार को टीम के साथ बापूग्राम पहुंचे थे। यहां गली नंबर तीन में उन्होंने एक महिला उपभोक्ता का बिजली बिल बकाया होने के चलते उसके घर का कनेक्शन काट दिया गया। इसी बीच करीब आधा दर्जन लोग मौके पर आ धमके। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी। शिकायत लेकर देकर उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया। आईडीपीएल चौकी प्रभारी कविंद्र राणा ने बताया कि अवर अभियंता की तरफ से शिकायत मिली है, जिसपर फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जल्द प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

