समीक्षा: निकाय चुनाव को लेकर डीएम ने ली नोडल अधिकारियों की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
नई टिहरी। गुरूवार को डीएम मयूर दीक्षित ने आगामी सामान्य निकाय निर्वाचन 2024 की तैयारियों को लेकर समस्त नोडल अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डीएम ने नोडल अधिकारियों को नगर निकाय निर्वाचन की गाइड लाइन का अच्छे से अध्ययन करने की हिदायत दी। निर्वाचन की व्यवस्थाओं को लेकर भी नोडल अधिकारियों से चर्चा की। बैठक में डीएम ने ने अधिशासी अधिकारी नगरपालिका वनगर पंचाचत को सभी बूथों को चैक कर रिपोर्ट एसडीएम को उपलब्ध कराने, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं गर्भवती महिलाओं के सुगम मतदान के लिए मतदान केन्द्रों में व्हील चेयर एवं वालिंटियर की व्यवस्था करने को कहा। इसके साथ ही जनपद स्तर पर एक पिंक बूथ बनाने, सहायक व्यय प्रेक्षक नियुक्त करने, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की सूची फाइनल कर निरीक्षण करने, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात करने, निर्वाचन सामाग्री की दर सूची फाइनल करने, मतदान एवं मतगणना सामग्री किट तैयार करने, निर्वाचन से संबंधित समस्त सूचनाओं के आदान-प्रदान को कन्ट्रोल रूम बनाने के निर्देश सभी नोडल अधिकारियों को दिए।
उधर, डीएम मयूर दीक्षित ने जौनपुर ब्लाक के तहत ग्राम पंचायत अलमस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मिनी सचिवालय पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन में आयरन एंगल को ठीक करने, पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था करने तथा साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। डीएम ने रौतू की वैली में कॉम्पेक्टर मशीन के निरीक्षण के दौरान काम्पेक्टिंग और बेलिंग उपकरण संचालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने गदेरे में पड़े कूड़े एवं आस-पास के क्षेत्रों से प्लास्टिक कूड़ा एकत्रित कर कॉम्पेक्टर तक पहुंचने तथा उचित प्रकार से निस्तारण करने के निर्देश दिये। डीएम ने पनीर विलेज में पनीर बनाने की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए उत्पादन बढ़ाने को कहा। डीएम ने इस दौरान खण्ड विकास कार्यालय जौनपुर का भी निरीक्षण किया। बीडीओ को साइन बोर्ड बदलने एवं कार्यालय में विद्युत की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। इस मौके पर सीडीओ डा अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम मंजू राजपूत, डीपीआरओ एमएम खान, डीओ पीआरडी पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे।

