सबक: ऋतु खंडूड़ी को झेलना पड़ा आपदा पीड़ितों का आक्रोश, गुस्साई महिलाओं ने उल्टे पांव लौटने को किया मजबूर
अपने विधानसभा क्षेत्र में आपदा पीड़ितों का हाल-चाल जानने कोटद्वार पहुंची थीं विधानसभा अध्यक्ष
कोटद्वार। यहां आपदा ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा करने पहुंची स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण को पीड़ित लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि आपदा पीड़ित महिलाओं के रौद्र रूप को देखकर ऋतु खंडूड़ी आगे बढ़ने का साहस नहीं जुटा सकीं और उन्हें उल्टे पांव लौटना पड़ा। इस दौरान पीड़ित महिलाएं ऋतु खंडूड़ी को खरी-खोटी सुनाते हुए काफी दूर तक उनके पीछे दौड़ीं।
गौरतलब है कि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी अपने विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार में पिछले दिनों भारी बारिश से हुए नुक़सान का जायजा लेने और पीड़ित व प्रभावित लोगों का हाल-चाल पूछने को यहां पहुंची थीं। उन्होंने आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया, लेकिन आपदा से पीड़ित सनेह क्षेत्र की महिलाओं ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए उन पर सवालों की झड़ी लगा दी। सवाल जवाब के दौरान पीड़ित महिलाओं के उग्र तेवर देखकर अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की हिम्मत जवाब दे गयी। उन्होंने वहां से खिसकने में ही भलाई समझी।
विधानसभा अध्यक्ष को वापस लौटते देख महिलाओं का पारा और चढ़ गया और वे ऊंची आवाज़ में खरी-खोटी सुनाते हुए उनकि पीछा करने लगीं। आपदा की मार झेल रहे लोगों में इस बात को लेकर बहुत आक्रोश था कि विधानसभा अध्यक्ष ने संकट के दौरान उनकी सुध नहीं ली और अब सिर्फ मीडिया की सुर्खियां बटोरने की मंशा से उनके बीच हालचाल पूछने पहुंचीं हैं।। दरअसल,आपदा में सब कुछ खो चुके लोगों का आरोप था कि उन्हें अब तक किसी तरह की कोई मदद नहीं मिल रही है। तनातनी का यह माहौल उस वक्त दिलचस्प नजारे में बदल गया जब ऋतु खंडूड़ी अपने काफिले के साथ बड़ी तेज़ी से आगे आगे चल रही थीं और खरी-खोटी सुनाते हुए महिलाएं ने उनके पीछे दौड़ने लगीं थीं ।

