सख़्ती: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
ऋषिकेश(आरएनएस)। होटल में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सह आरोपी होटल के मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में होटल में नाबालिग को बिना उचित पहचान व सत्यापन के प्रवेश देने, आवश्यक रजिस्टर में प्रविष्टि नहीं करने और घटना से जुड़े समय में सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने के तथ्य सामने आने का दावा किया गया है। मामले में पुलिस ने होटल का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति के लिए एसडीएम को रिपोर्ट भी भेजी है। बता दें कि बीते 30 अगस्त को पुराने रेलवे स्टेशन के समीप चेला चेतराम मार्ग पर एक होटल में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी के अलावा होटल मैनेजर और संचालक को सह आरोपी बनाते हुए पोक्सो के तहत दुष्कर्म के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस जांच में मुख्य आरोपी की पहचान सोफियान (21) निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही थी। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोफियान को हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया गया।
घटना के समय सीसीटीवी थे बंद: प्रभारी निरीक्षक बिष्ट ने बताया कि पुलिस पूछताछ और विवेचना में इस बात की पुष्टि हुई है कि घटना के समय में होटल के सीसीटीवी कैमरों को बंद किया गया था। होटल में नाबालिग को बिना आवश्यक पहचान और सत्यापन के ठहरने की अनुमति दी गई व आवश्यक रजिस्टर में भी प्रविष्टि नहीं की गई। विवेचना में सामने आए इन तथ्यों के आधार पर होटल मैनेजर वैभव गुप्ता (34) और संचालक राहुल अग्रवाल (36) निवासी अद्वैतानंद मार्ग को मामले में सह अभियुक्त बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है।
दुष्कर्म प्रकरण को रेलवे रोड पर जमकर हंगामा
रेलवे रोड स्थित एक होटल में तीन दिन पहले 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म की घटना को लेकर मंगलवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने होटल में तोड़फोड़ कर उसे जमींदोज करने की मांग उठाई। साथ ही दुष्कर्म के आरोपी को फांसी देने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। एहतियातन होटल को भी बंद कर दिया गया। घटनाक्रम मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुआ। कई दर्जन स्थानीय लोग अचानक रेलवे रोड पर पहुंचे और दुष्कर्म से संबंधित होटल में तोड़फोड़ करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी पुलिस फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से बातचीत की। बारिश के बीच लोग करीब 11 बजे तक होटल के बाहर डटे रहे। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस ने होटल का शटर गिरा दिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि आक्रोशित लोग मामले में होटल संचालक की भूमिका पर सवाल उठा रहे थे। साथ ही दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें मामले में प्रभावी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
सड़क पर जेसीबी रोककर किया हंगामारेलवे रोड पर हंगामे के दौरान मंगलवार सुबह एक जेसीबी वहां से गुजर रही थी। आक्रोशित लोगों की नजर जेसीबी पर पड़ी तो उन्होंने उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी भी सक्रिय हो गए और किसी तरह जेसीबी को भीड़ से बाहर निकालकर आगे भेजा। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि लोगों के जेसीबी मंगाने की बात अफवाह थी। जेसीबी सड़क से गुजर रही थी, जिसे लोगों को समझाने के बाद उसके गंतव्य की ओर भेज दिया गया।

