संदेहास्पद: पेड़ से लटका मिला ठेकेदार का शव, बिहार का मूल निवासी था मृतक
नई टिहरी। गजा-चाका मोटर मार्ग पर मातृछाया सदन के पास बीते 3 सालों से किराए पर रहने वाले बिहार मूल के ठेकेदार तैयज आलम (40) का शव पेड़ पर संदिग्ध परिस्थिति में लटका मिला। मृतक आलम बुधवार से लापता था। ठेकेदार का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ठेकेदार तैयज आलम के साथ कार्य करने वाले मजदूरों ने बताया कि वह गजा सहित निकटवर्ती गांवों में पिछले 3 सालों से मकान बनाने के लिए ठेकेदारी का काम करता था। बीते दिवस जब वह कमरे में नहीं आया तो, उन्होंने गजा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की सूचना दी। जिसके बाद साथ मजदूरों और पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की। मृतक ठेकेदार की बाइक गजा से 4 किलोमीटर दूर चाका रोड पर खड़ी मिली। ढूंढने पर सड़क से ऊपर एक पेड़ पर उसका शव लटका हुआ मिला। तैयज आलम मूल रूप से ग्राम बागीचा थाना बहादुर गंज जिला किशनगंज बिहार का रहने वाला था। उसकी पत्नी अंसारी बेगम सहित पूरा परिवार बिहार में रहता है। पुलिस चौकी प्रभारी मनीष नेगी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया है। उसके बाद ही पता चलेगा कि यह हत्या है अथवा आत्महत्या। टीम आने के बाद ही शव के पोस्टमार्टम सहित अन्य अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

