शिकंजा: फर्जी दस्तावेज सहित इंडोनेशियाई महिला की गिरफ्तारी से हड़कंप
सिलीगुड़ी। फर्जी भारतीय पहचान पत्र के द्वारा भारत में प्रवेश करने के आरोप में एसएसबी ने एक इंडोनेशियाई महिला की गिरफ्तारी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। अधिकारिक जानकारी में बताया जा रहा है कि उक्त इंडोनेशियाई महिला को महिला को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के पानीटंकी में एक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने कुछ फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा है। महिला को नेपाल में प्रवेश करते समय एसएसबी ने पकड़ा है। पकड़ी गई महिला का नाम उसके भारतीय आधार और पैन कार्ड में निनयोमन मुरनी लिखा है, लेकिन उसके इंडोनेशियाई दस्तावेज़ में उसका नाम नीकदेक सिसियानी लिखा है।एसएसबी सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार महिला ने गुरुवार को नेपाल जाने के लिए भारत-नेपाल सीमा पर खुद को भारतीय बताया। जब उसने अपना आधार कार्ड दिखाकर सीमा पार करने की कोशिश की तो जवानों को शक हो गया। इसके बाद जब महिला की तलाशी ली गई तो उसके पास से इंडोनेशियाई दस्तावेज़ बरामद हुए। पूछताछ में एसएसबी को पता चला कि महिला अपना भारतीय आधार कार्ड दिखाकर मुंबई में रहती थी। वह नेपाली पर्यटक वीज़ा पर इंडोनेशिया से काठमांडू आई थी। उसने अपना भारतीय आधार कार्ड दिखाकर सीमा पार किया और मुंबई पहुंच गई। महिला को कल नेपाल वापस जाते समय पकड़ लिया गया। जिसके बाद एसएसबी ने पकड़ी गई महिला को आगे की कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाने को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उसने भारतीय आधार कार्ड कैसे हासिल किया था। उक्त गिरफ्तार महिला को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। खोरीबाड़ी पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त रूप से घटना की जांच शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों में सीमावर्ती इलाके से कई बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच, इस इंडोनेशियाई महिला की गिरफ्तारी से सीमावर्ती इलाके में हड़कंप मच गया है।

