शिकंजा: पत्रकार पर जानलेवा हमला करने वाला शराब माफिया गिरफ्तार
ऋषिकेश। 01सितंबर को इन्दिरा नगर क्षेत्र में योगेश डिमरी व उनके साथियों के साथ मारपीट की घटना के सिलसिले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, वारदात होने व पीड़ित योगेश के एम्स अस्पताल में उपचाराधीन होने की सूचना ऋषिकेश पुलिस को प्राप्त हुई। उक्त घटना के सम्बन्ध में पुलिस द्वारा योगेश व उनके परिचितों से सम्पर्क कर घटना की पूर्ण जानकारी प्राप्त कर घटना में शामिल अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु तहरीर देने के लिए अवगत कराया गया था। पुलिस के अनुसार, उक्त संबंध में सोमवार प्रात: वादी संदीप भंडारी पुत्र दयाल सिंह भंडारी, निवासी 14 बीघा, थाना मुनीकीरेती (टिहरी गढ़वाल) द्वारा कोतवाली ऋषिकेश में घटना के सम्बन्ध में लिखित तहरीर दी गई कि सुनील गंजे द्वारा उनके साथ मार पीट करते हुए बेसबाॅल के डंडे से उन पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे योगेश को गम्भीर चोटें आयीं।
पुलिस का दावा है कि लिखित तहरीर के आधार पर सुनील कुमार के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश पर मु.अ.स.: 556/24 धारा: 109 (1)/ 352 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत करते हुए तत्काल घटना में शामिल अभियुक्त सुनील कुमार पुत्र लाखन सिंह, निवासी- गली नं0 02 इन्द्रानगर, थाना ऋषिकेश देहरादून को तत्काल गिरफ्तार किया गया है। घटना के सभी पहलुओं की पुलिस द्वारा विस्तृत विवेचना की जा रही है। घटना में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता प्रकाश में आने पर उसके विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही की जायेगी।
इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा ऋषिकेश क्षेत्र में शराब तस्करी में लिप्त अभियुक्तों की कुंडलियां तैयार की जा रही हैं, जल्द ही सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी।

