शिकंजा: किशोरी का अपहरण करने के आरोप में एक गिरफ्तार, फरार आरोपी भी आया पकड़ में
रुड़की। किशोरी को बहला फुसलाकर उसका अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से किशोरी को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को लिखापढ़ी के बाद कोर्ट में पेश कर दिया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। किशोरी को भी मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। लंढौरा चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि एक आरोपी लंबे समय से उसकी 17 वर्षीय पुत्री का पीछा कर रहा था। आरोपी किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर उसे परेशान कर रहा था। किशोरी ने इस बाबत अपने परिजनों को भी जानकारी दी थी। परिजनों ने आरोपी व उसके परिजनों को समझने का प्रयास किया था, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उसने 30 जनवरी को किशोरी को बहला फुसलाकर उसका अपहरण कर ले गया था। परिजनों को जानकारी होने पर उनके द्वारा किशोरी की अपने स्तर से काफी खोजबीन की गई थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी व किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने रविवार को आरोपी को मंगलौर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से किशोरी को भी बरामद कर लिया गया है।
फरार आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
उधर, हत्या के प्रयास में फरार चल रहे एक आरोपी को भी रविवार के दिन पुलिस ने गिरफ्तार किया। जिसके पास से धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव बिंडू निवासी जवाहर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर राजकुमार, सुंदर, विशाल उर्फ भूरा व नरपत निवासी बिन्दु खड़क के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उसके पुत्र राहुल, भतीजा शुभम, भाई मिंटू के साथ गाली गलौज मारपीट व धारदार हथियार से हमला कर घायल किया था। पुलिस ने आरोपी विशाल उर्फ भूरा निवासी बिन्डू खड़क को उसके घर से दबोच लिया। उसकी निशान देही पर धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। इस मामले में राजकुमार को पहले ही पुलिस जेल भेज चुकी है। जबकि दो आरोपित अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

