शिकंजा: एंटी नार्काेटिक्स टास्क फोर्स ने पकड़ी 26 लाख की स्मैक
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ की एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) द्वारा थाना रायवाला क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही करते हुए मोतीचूर फ्लाईओवर के पास से एक व्यक्ति को 260 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
स्मैक के साथ गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार पुत्र सोनाथ निवासी ग्राम मुस्सेपुर थाना मंडावली जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश ने पूछताछ के दौरान बताया कि यह स्मैक बरेली से लेकर आया है। जिसको वह अपने दामाद कपिल जो कि पिछले माह जमानत पर छूट कर आया है, के माध्यम से रायपुर थाना क्षेत्र में अपने पैडलरो के माध्यम से बिक्री करने जा रहा था। इसके अलावा एसटीएफ द्वारा आरोपी से पूछताछ में अन्य कई ड्रग्स पैडलरो के नामों की जानकारी हुयी है।
एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गये नशा तस्कर आनंन्द कुमार के दामाद कपिल को इसी साल माह मई 2023 में उसकी शादी की सालगिरह के दिन 207 ग्राम स्मैक के साथ एसटीएफ द्वारा गिरप्तार किया गया था, उस समय एसटीएफ को यह जानकारी मिली थी कि कपिल का ससुर भी स्मैक की तस्करी करता है।
इस जानकारी पर एसटीएफ द्वारा विगत 05 माह से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाये हुये थी और उसकी जानकारी एकत्रित कर रही थी। कल एसटीएफ की एएनटीएफ टीम को गोपनीय सूचना मिलते ही आनन्द कुमार को रायवाला क्षेत्र से बड़ी भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरप्तार किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहे। किसी भी प्रकार के लालच में आकर नशा तस्करी न करें। नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही हेतु तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। एसटीएफ लगातार ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत अपनी कार्यवाही जारी रखे रहेगी।

