शातिर: होटल बुकिंग के नाम पर पर्यटक से ठग लिए 6 हजार रुपए
नैनीताल। नैनीताल में होटल बुकिंग के नाम पर नोएडा के एक पर्यटक से छह हजार की ठगी करने का मामला सामने आया है।
नोएडा निवासी रोहित कुमार ने मल्लीताल कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। जिसमें कहा गया है, कि उन्होंने नैनीताल में ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से एक होटल में कमरा बुक कराया। जिसमें बुकिंग आईडी के आधार पर छह हजार एडवांस मांगे गए। पेमेंट करने के बाद जब नैनीताल पहुंचे, तो होटल में उन्हें कमरा नहीं दिया। उन्होंने बुकिंग रसीद व संबंधित बुकिंग आईडी उपलब्ध कराई। लेकिन, वह पूरी तरह फर्जी थी। पूर्व में होटल एसोसिएशन नैनीताल की ओर से एसएसपी पंकज भट्ट को भी पत्र लिखा जा चुका है। जिसमें कहा गया, कि इस बीच साइबर ठगों ने नैनीताल में होटलों को निशाना बनाया है। इस दौरान होटलों की फर्जी वेबसाइट बनाकर पर्यटकों के साथ ठगी की जा रही है। इससे पर्यटन पर भी खासा असर पड़ा है। हालांकि मामले में अभी जांच जारी है।

