शर्मनाक: शादी का झांसा देकर बनाया निजी पलों का वीडियो, दिल्ली कैपिटल्स के स्टार क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ्तार
हुगली । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। भारतीय क्रिकेटर सुबह हुगली में पुलिस ने हिरासत में लिया और लंबी पूछताछ के बाद दोपहर में उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरी कार्रवाई शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने के एक गंभीर आरोप से जुड़ी है। गिरफ्तारी के बाद पोरेल का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें चिनसुराह कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले कलकत्ता हाई कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को अभिषेक पोरेल को गिरफ्तार करने का स्पष्ट आदेश दिया था।
मेडिकल छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप, डिवाइस जब्त करने का आदेश
यह पूरा मामला हुगली के मोगरा थाने में एक मेडिकल छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया है। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि अभिषेक पोरेल ने शादी का वादा करके उसके साथ यौन संबंध बनाए और उन दोनों के निजी पलों को कैमरे में रिकॉर्ड भी किया। महिला के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी, लेकिन इसी बीच उसे पोरेल के दूसरी महिलाओं के साथ कथित संबंधों के बारे में पता चल गया, जिसके बाद उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट ने शिकायतकर्ता की तस्वीरों को इंटरनेट पर प्रसारित होने से रोकने के लिए पुलिस को पोरेल के सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त करने का भी कड़ा निर्देश दिया है।
दिल्ली में बंधक बनाने और भूखा रखने का सनसनीखेज दावा
इस मामले की एफआईआर में कुल 19 धाराओं का जिक्र किया गया है, जो आरोपों की गंभीरता को दर्शाता है। एफआईआर के मुताबिक, यह कथित घटना 2 अप्रैल 2026 को दिल्ली में हुई थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि पोरेल ने उसे दिल्ली में गैरकानूनी तरीके से अपने पास बंधक बनाकर रखा और उसे खाना तक नहीं दिया गया। जानबूझकर अलग-थलग रखे जाने के कारण उसकी शारीरिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई थी कि वह ठीक से चलने की स्थिति में भी नहीं रही। महिला ने यह भी बताया कि उसकी फ्लाइट होने के बावजूद उसे अपनी कथित चोटों के कारण तत्काल मेडिकल सहायता लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
शानदार रहा है अभिषेक पोरेल का क्रिकेट करियर
महज 23 साल के अभिषेक पोरेल घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं। साल 2023 में वह कार दुर्घटना में घायल हुए ऋषभ पंत के रिप्लेसमेंट के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल हुए थे। पोरेल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब तक 35 आईपीएल मैचों में 145 से ज्यादा की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 769 रन बनाए हैं। उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की टीम ने उन्हें साल 2026 के लिए 4 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम देकर रिटेन किया था। इसके अलावा उन्होंने 32 फर्स्ट क्लास मैचों में एक शतक के साथ 1408 रन, 23 लिस्ट-ए मैचों में दो शतकों की मदद से 833 रन और 61 टी20 मुकाबलों में 1590 रन बनाए हैं। अब इस विवाद के बाद उनके उभरते हुए करियर पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।

