शर्मनाक: नशे में धुत सिपाही ने खाकी को किया शर्मसार, अनुशासनहीनता में एसएसपी किया सस्पेंड  

शर्मनाक: नशे में धुत सिपाही ने खाकी को किया शर्मसार, अनुशासनहीनता में एसएसपी किया सस्पेंड  
Spread the love

रुद्रपुर। सोशल मीडिया में वायरल एक वीडियो से खाकी शर्मसार हो गयी है। यहां ट्रांजिट कैंप में एक सिपाही नशे की हालत में नाली किनारे पड़ा हुआ था और उसके जूते भी एक तरफ पड़े हुए थे। किसी ने इस पुलिसकर्मी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। एसएसपी ने अनुशासनहीनता में सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। मामले की जांच राजपत्रित अधिकारी से करवायी जायेगी।

जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में पुलिस का एक जवान ट्रांजिट कैंप में नशे की हालत में नाली के किनारे बेसुध पड़ा हुआ था। उसके जूते भी एक तरफ उल्टे पड़े हुए थे और उसे इतना भी होश नहीं था कि वह वर्दी में है और नाली के किनारे गंदगी में पड़ा हुआ है। कई लोगों ने उसे उठाने की कोशिश भी की लेकिन वह इस कदर नशे में था कि किसी की बात उसके कानों में नहीं गई।

यह सिपाही कुछ समय पहले झनकइया थाने में तैनात था। सोशल मीडिया में सिपाही का वीडियो वायरल होते ही पुलिस की किरकिरी होने लगी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के संज्ञान में जब यह वीडियो आया तो उन्होंने एसपी सिटी को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच की गई। जिसमें पाया गया कि वीडियो में दिखाई दे रहा सिपाही पुलिस लाइन रुद्रपुर जनपद ऊधमसिंहनगर में तैनात जितेंद्र कुमार है। वह 8 सितंबर से पुलिस लाइन से गैर हाजिर चल रहा है। वीडियो में जो उसकी हालत दिखाई दे रही है उसके बाबत उससे जवाब तलब किया जाएगा। वहीं पुलिस लाइन में उसकी अनुपस्थिति के बारे में भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने वर्दी को शर्मसाद करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही के साथ ही पुलिस की छवि धूमिल करने पर कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।

 

Parvatanchal