विवाद: प्रोफेसर और साथी पर कांवड़िए से मारपीट करने का आरोप, शांतिभंग में हो गया चालान
रुड़की। आईआईटी के गेट के सामने हाईवे पर कार सवार एक प्रोफेसर की कार से एक कांवड़िए को टक्कर लग गई आरोप है कि विरोध करने पर प्रोफेसर ने दोस्त के साथ मिलकर कांवड़िए से मारपीट कर दी। जिसके बाद कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रोफेसर और उसके साथी को हिरासत में ले लिया। कोतवाली ले जाकर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी कुछ कांवड़िए हरिद्वार से मुजफ्फरनगर डाक कांवड़ लेकर जा रहे थे। जैसे ही वह रात करीब साढ़े दस बजे रुड़की स्थित शताब्दी द्वार के पास पहुंचे तो एक कांवड़िए ने डाक कांवड़ निकालने के लिए कार रोकने के लिए हाथ दिया। इस पर कार चालक ने कार नहीं रोकी और कांवड़िए को टक्कर मार दी। इतना ही नहीं विरोध करने पर दोबारा कांवड़िए को टक्कर मार दी। इसे लेकर हंगामा हो गया। कांवड़ियों ने विरोध किया तो कार में सवार आईआईटी के प्रोफेसर और उनके दोस्त ने अभद्रता कर दी। आरोप है कि कार से बाहर निकलकर कांवड़िए से मारपीट कर दी जिससे हंगामा और बढ़ गया। वहीं, पुलिस आईआईटी के प्रोफेसर और उनके दोस्त को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर गोंडाई मई रंजन, निवासी चगागई इंफाल, थाना इंफाल वेस्ट जिला इंफाई, मणिपुर हाल आईआईटी रुड़की और मानस निवासी डबल फाटक, ढंडेरा, रुड़की का शांतिभंग में चालान कर दिया । मारपीट की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी कब्जे में ले गई थी जिसमें उक्त लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं। एएसपी ने बताया कि प्रोफेसर गोंडाई मई रंजन ने आईआईटी बीएचयू में पढ़ाई की है। इसके बाद वहीं पर प्रोफेसर बन गए थे। इसके बाद वह रुड़की आईआईटी में आए थे। बताया कि इस संबंध में रात में ही आईआईटी प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया था।

