विधान सभा भर्ती प्रकरण: स्पीकर ऋतु खंडूड़ी की कार्रवाई को लेकर विवाद जारी, कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने लगाया गुमराह करने का आरोप
देहरादून। अलग राज्य बनने के बाद उत्तराखंड विधानसभा में अब तक हुई सभी बैकडोर नियुक्तियों को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बावजूद सिर्फ 2016 के बाद भर्ती कर्मचारियों को बर्खास्त करने वाली वर्तमान विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई करने के आरोपों से घिरी हुई हैं। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने एक बार फिर विधानसभा स्पीकर ऋतु खंडूड़ी पर सियासी हमला बोला है। दसौनी ने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी विधानसभा नियुक्ति मामले में लगातार झूठी बयानबाजी कर प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही हैं। दसौनी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब विधिक राय को लेकर विधानसभा स्पीकर ने भ्रमित करने वाला बयान दिया हो और सभी से सच्चाई छुपाई हो। दसौनी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने हाल ही में बयान दिया था कि उन्होंने सरकार को पत्र लिखकर विधिक राय मांगी है जबकि महाधिवक्ता बाबुलकर उन्हें 9 जनवरी 2023 को ही अपनी राय दे चुके थे। कांग्रेस नेता गरिमा दसौनी का कहना है कि विधान सभा भर्ती प्रकरण में अपनी पक्षपात और दुराग्रहपूर्ण कार्रवाई पर सवाल उठने से परेशान स्पीकर खंडूड़ी लगातार झूठ बोलकर अपने कृत्य पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही हैं।

