लाल सलाम: नम आंखों के साथ सुपुर्द-ए-खाक किए गए माकपा नेता कमरुद्दीन, शोक में झुकाया गया पार्टी का झंडा
देहरादून(आरएनएस)। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता व अखिल भारतीय किसान सभा की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कमरुद्दीन को रविवार को सभावाला स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। उनके जनाजे में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर अंतिम विदाई दी। माकपा ने उनके सम्मान में पार्टी का झंडा झुकाया। कमरुद्दीन का 18 जुलाई को देहरादून के आरोग्यधाम अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। अंतिम संस्कार में माकपा के राज्य सचिव राजेंद्र पुरोहित, किसान सभा के केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र त्यागी, केंद्रीय कोषाध्यक्ष व पूर्व विधायक केपी सिंह सहित अनेक राजनीतिक, सामाजिक और किसान संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि कमरुद्दीन ने किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने सभावाला के प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित कई जनप्रतिनिधि पदों पर रहते हुए जनहित के मुद्दे उठाए और अनेक आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई। पोलित ब्यूरो सदस्य बीजू कृष्णन, केंद्रीय समिति सदस्य राजेंद्र नेगी समेत कई नेताओं ने शोक संदेश भेजकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

