राज-काज: मुख्यमंत्री धामी ने जनता से रू-ब-रू होकर लिया फीडबैक, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध की समीक्षा करते हुए चार धाम ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएं जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा आने वाले साल में भी चार धाम यात्रा और अधिक बढ़ने वाली है। चारधाम यात्रा, कावड़ यात्रा, पूर्णागिरी यात्रा सहित प्रदेश के अंदर संपन्न होने वाली विभिन्न यात्राओं के कुशल प्रबंधन और संचालन हेतु आवश्यकता अनुसार यात्रा प्राधिकरण की ओर भी विचार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्रवेश कर रहे प्रत्येक श्रद्धालु को चार धाम के दर्शन करवाना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमने श्रद्धालुओ का सहभागी बनकर यात्रा संपन्न करवानी है। उन्होंने यात्रा को लेकर अधिकारियों को हमेशा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने होल्डिंग पॉइंट्स पर सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही शौचालयो की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। अत्यधिक भीड़ बढ़ने पर गाड़ियों की निकासी हेतु वैकल्पिक मार्गो पर विचार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी छुटिृयों एवं वीकेंड के दृष्टिगत भी सभी तैयारियां पूर्ण करें। उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रूद्रप्रयाग, चमोली एवं उत्तराकाशी के जिलाधिकारी एवं प्रशासन से आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा सभी अधिकारी ग्राउंड में जाकर श्रद्धालुओ से फीडबैक भी लें ताकि समय रहते छोटी कमियों को भी दूर किया जाए ।
मुख्यमंत्री को जिला अधिकारी चमोली हिमांशु खुराना ने बताया कि बीते शुक्रवार को बद्रीनाथ धाम में करीब 13000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। उनके द्वारा हेमकुंड साहिब यात्रा का भी पैदल मार्गो से निरीक्षण किया गया है। जहां सभी व्यवस्थाओं को यात्रा से पहलेपूर्ण कर लिया जायेगा। जिला अधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि बीते शुक्रवार को 15800 यात्रियों ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए, साथ ही गेट सिस्टम के माध्यम से निरंतर यमुनोत्री और गंगोत्री को श्रद्धालु भेजे जा रहे हैं। विभिन्न होल्डिंग पॉइंट्स पर प्रशासन द्वारा सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु , सचिव अरविन्द सिंह ह्यांकी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री धीराज गर्ब्याल, जिला आधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित, जिला आधिकारी रूद्रप्रयाग सौरव गहरवार, एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
फोटो डी 2
आक्रोश: लापता सहायक अभियंता का नहीं मिला सुराग,परिजनों ने दिया कोतवाली में धरना
उत्तरकाशी। एक सप्ताह पहले डुंडा से लापता हुए अपर सहायक अभियंता को ढूंढने की मांग को लेकर परिजन कलेक्ट्रेट और कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने धरना-प्रदर्शन करते हुए पुलिस पर जांच में देरी करने का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर पुलिस द्वारा जल्द ही सहायक अभियंता को नहीं खोजा गया, तो सड़कों पर उतरकर उग्र विरोध किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस की होगी।
बीते 12 मई की रात एनएच खंड लोक निर्माण विभाग में कार्यरत अपर सहायक अभियंता अमित चौहान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। उसके बाद परिजनों ने ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। जिससे परिजनों द्वारा कोतवाली उत्तरकाशी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वहीं, जब एक सप्ताह बाद इंजीनियर का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजन उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसी बीच एडीएम रजा अब्बास ने परिजनों से कहा कि वह अपना ज्ञापन दे दें। प्रशासन और पुलिस इंजीनियर को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रही है।
परिजनों का कहना है कि अमित चौहान देहरादून से एक ठेकेदार के साथ डुंडा आये थे। उसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। मामले में पुलिस भी जांच में देरी कर रही है, जिससे सब कलेक्ट्रेट परिसर में ही धरने पर बैठ गए हैं, जबकि कुछ लोग नगर कोतवाली में धरने पर बैठे हैं। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि गुमशुदा इंजीनियर के अपहरण की तहरीर पटेलनगर थाना देहरादून में दर्ज हुई है। यहां पर भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस इंजीनियर को ढूंढने का पूरा प्रयास कर रही है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फोटो डी 6
खुलासा: अज्ञात युवती की लाश का हुआ खुलासा, अवैध सम्बन्धों के चलते मंगेतर ने ही कर डाला था कत्ल
हरिद्वार। युवती की गुमशुदगी व उसकी हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतका के मंगेतर को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात मृतक युवती के अन्य लोगों के साथ अवैध सम्बन्धों और आपत्तिजनक फोटो के सामने आने के बाद मंगेतर द्वारा ही अंजाम दी गयी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि बीती 15 मई को थाना भगवानपुर खेलड़ी निवासी मोहर्रम अली ने बताया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी शौकिना 13 अप्रैल की सुबह अपनी सिकरोडा की सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी लेकिन अभी तक नहीं लौटी। परिजनों द्वारा अपनी लड़की को काफी तलाशने की कोशिश की गई लेकिन बेटी नहीं मिली और मोबाइल भी स्वीच ऑफ मिला। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी। 13 मई को ही पुलिस ने थाना बुग्गावाला क्षेत्रांतर्गत शाहमंसूर के जंगल में एक युवती का शव बरामद किया, जिसकी पहचान गुमशुदा युवती के परिजनों ने बरामद शव के हुलिया, कपड़े व जूतों को देख अपनी बेटी के रूप में की। इस पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच में जुटी पुलिस टीम ने मृतका के मोबाइल नम्बर के आधार पर उसके मंगेतर शहराज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि 4-5 साल संबंध में रहने पर उसकी सौकिना के साथ सगाई हो रखी थी लेकिन सगाई के बाद उसे सौकिना के अवैध सम्बन्ध अन्य व्यक्तियों के साथ होने की जानकारी मिलने के साथ ही कुछ आपत्तिजनक फोटो भी मिले जिसमें वह किसी गैर मर्द के साथ आपत्तिजनक स्थिति में थी। इस पर उसने शहराज ने कई बार किनारा करने का प्रयास किया लेकिन मृतका द्वारा शादी न करने पर उसे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने पर उसने मजबूरन अपने कदम वापस ले लिये। बताया कि हत्या के दिन मृतका ने कहीं घूमने की गुजारिश की तो शहराज अपने ही गांव के लड़के के साथ उसकी मोटर साईकिल पर अपनी मंगेतर को लेकर शाहमंसूर के जंगल में गए। वहां शहराज ने अपने दोस्त को मजार देखने भेज दिया और मौका पाकर दुपट्टे से गला घोंटकर सौकिना का कत्ल कर दिया। इसके बाद शहराज ने पहले सौकिना के शव को बरसाती नाले के रेत में दबाया और फिर मृतका का मोबाईल तोड़कर नवादा जाने वाले रास्ते पर पुल के पास फैंक दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बताई गई जगह से मृतका के मोबाईल के कुछ टूटे हुये पार्ट बरामद किये हैं। बहरहाल पुलिस ने हत्यारोपी मंगेतर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
